
गुना संसदीय क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री और क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया इन दिनों चार दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वे विभिन्न क्षेत्रों में किसानों और आम नागरिकों से सीधा संवाद कर रहे हैं। हालांकि कई इलाकों में उन्हें जनता की नाराजगी और विरोध का सामना भी करना पड़ रहा है। ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना दौरा के दौरान शुक्रवार को बरखेड़ा गिर्द में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर से लौटते समय एक अप्रत्याशित घटनाक्रम सामने आया।
शिविर से वापसी के दौरान शहर की जर्जर सड़कों से परेशान एक स्थानीय युवक सिंधिया के वाहन के पास पहुंचा। उसने सड़कों की मरम्मत में हो रही देरी पर कड़ा ऐतराज जताया। युवक ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि यह काम जल्द नहीं हुआ, तो अगली बार आने पर जनता उन्हें वोट नहीं देगी।
युवक द्वारा वोट न देने की बात सुनते ही केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आगबबूला हो गए। उन्होंने तुरंत अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए युवक को हिदायत दी। सिंधिया ने कहा, "यह भाषा आप मेरे साथ उपयोग नहीं करना। आपने मुझे आवेदन दिया है, उस पर कार्य करना मेरी जिम्मेदारी है।"
इस पूरे घटनाक्रम का एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में सिंधिया गाड़ी के भीतर से युवक को लहजे में बात करने की नसीहत देते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं।
गुना शहर के कैंट क्षेत्र सहित लगभग 37 वार्डों में सड़कों की हालत बेहद दयनीय बनी हुई है। बारिश के मौसम में सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे और जलभराव होने से आवागमन दूभर हो गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वे लंबे समय से इन समस्याओं से जूझ रहे हैं और इसी कारण उनका आक्रोश नेताओं के सामने छलक रहा है।
हाल ही में केंद्रीय मंत्री द्वारा गुना जिले के विकास के लिए 30 करोड़ रुपए की सौगात दी गई है। इसके अलावा चिंताहरण से हनुमान चौराहे तक 7 किलोमीटर लंबा थीम रोड बनाने की योजना पर भी काम चल रहा है। इसके बावजूद बुनियादी समस्याओं का समाधान न होने से जनता में नाराजगी बरकरार है।
घटना के बाद सिंधिया ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार जनहित से जुड़े सभी मुद्दों और सड़क निर्माण को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि सड़कों की मरम्मत और अन्य विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Leave A Reviews