Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

कटनी स्टेशन पर रेलवे की बड़ी कार्रवाई, किलाबंदी जांच में 320 यात्रियों से सवा दो लाख जुर्माना


कटनी। पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) प्रशासन ने बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के विरुद्ध शिकंजा कसते हुए कटनी जंक्शन स्टेशन पर एक वृहद ‘किलाबंदी टिकट जांच अभियान’ (Fortress Check) चलाया। प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अरविंद कुमार रजक के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) शशांक गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में सोमवार सुबह 8:00 बजे से यह सघन अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान कटनी स्टेशन के सभी प्रवेश एवं निकास द्वारों, प्लेटफॉर्मों और वहां से गुजरने वाली ट्रेनों की गहन घेराबंदी कर यात्रियों के टिकटों की पड़ताल की गई।

इस संयुक्त अभियान में जबलपुर मंडल, भोपाल मंडल और कोटा मंडल के कुल 34 चुनिंदा टिकट जांच कर्मचारियों (टीटीई) के साथ प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक के उड़नदस्ते को तैनात किया गया था। कटनी प्रभारी धीरेंद्र दाहिया और मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक संदीप श्रोती ने मौके पर स्टाफ की तैनाती कर मोर्चा संभाला। जांच दल के सहयोग के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और शासकीय रेल पुलिस (GRP) के जवान भी मुस्तैद रहे, जिससे बिना टिकट यात्रा करने वालों में दिनभर हड़कंप मचा रहा।

20 ट्रेनों की जांच, 320 यात्रियों पर कार्रवाई

अभियान के दौरान जांच दल ने कटनी स्टेशन से होकर गुजरने वाली लगभग 20 प्रमुख यात्री व एक्सप्रेस ट्रेनों में सघन चेकिंग की। इस दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा (लोअर क्लास टिकट पर उच्च श्रेणी में सफर), बिना बुक किए गए अतिरिक्त लगेज, अनाधिकृत वेंडरिंग और स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वाले कुल 320 यात्रियों को पकड़ा गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले इन यात्रियों से मौके पर ही 2,15,000 (दो लाख पंद्रह हजार रुपये) की राशि जुर्माने के रूप में वसूल कर विधिवत सरकारी रसीदें जारी की गईं।

कैटरिंग स्टॉल और खानपान वेंडरों की भी हुई जांच

टिकट चेकिंग के साथ-साथ रेलवे के वाणिज्यिक दल ने प्लेटफॉर्मों पर संचालित कैटरिंग स्टॉलों, खानपान इकाइयों और वेंडरों की भी औचक जांच की। यात्रियों को निर्धारित मूल्य और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सामग्री उपलब्ध कराने तथा ओवरचार्जिंग जैसी अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए स्टॉल संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई।

क्षेत्रीय प्रबंधक कटनी रोहित सिंह और स्टेशन प्रबंधक संजय दुबे ने बताया कि रेलवे राजस्व की सुरक्षा और आरक्षित श्रेणी के वैध यात्रियों की आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे औचक व किलाबंदी अभियान आगे भी जारी रहेंगे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता ने विशेष रूप से पूरे जबलपुर-कटनी-मैहर-सतना रेलखंड में लगातार व्यापक टिकट चेकिंग अभियान संचालित करने के निर्देश जारी किए हैं।

Date & Time : 2026-10-05 14:07:22

Share:

Leave A Reviews

Related News