Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

नरसिंहपुर: 'ऑपरेशन ईगल क्लॉ' के तहत 54 बल्क लीटर अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार


नरसिंहपुर। "नशा मुक्त नरसिंहपुर" संकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब माफियाओं के विरुद्ध नरसिंहपुर पुलिस का सख्त अभियान अनवरत जारी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” (OPERATION EAGLE CLAW) के तहत थाना कोतवाली पुलिस की विशेष टीम ने करबला रिपटा रोड पर घेराबंदी कर अवैध देशी शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6 पेटी (कुल 54 बल्क लीटर) अवैध शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित बाजारू कीमत लगभग ₹34,000 आंकी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस को एक विश्वस्त मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक करबला रिपटा रोड के रास्ते भारी मात्रा में अवैध शराब की तस्करी कर खपाने की फिराक में आ रहा है। सूचना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) डी.पी. सिंह चौहान के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस की विशेष टीम गठित कर मौके पर रवाना की गई।

पुलिस टीम ने करबला रिपटा रोड पर रणनीति के तहत हिकमत अमली से घेराबंदी की। कुछ ही देर में मुखबिर के बताए हुलिए का एक संदिग्ध युवक वहां पहुंचा, जिसे पुलिस घेरा बनाकर धर दबोचा गया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम साहिल चौधरी (उम्र 19 वर्ष), पिता ललित चौधरी, निवासी निरंजन वार्ड, नरसिंहपुर बताया।

तलाशी में बरामद हुआ अवैध शराब का जखीरा

आरोपी के पास मौजूद बोरियों व पेटियों की तलाशी लेने पर पुलिस को 03 पेटी देशी प्लेन शराब (प्रत्येक पेटी में 50-50 पाव) तथा 03 पेटी देशी मसाला शराब (प्रत्येक पेटी में 50-50 पाव) बरामद हुई। इस प्रकार आरोपी के पास से कुल 6 पेटियों में 300 पाव (54 बल्क लीटर) अवैध शराब जब्त की गई। पुलिस ने पूरी शराब को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी साहिल चौधरी के विरुद्ध धारा 34(2) मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बिंदु की भी जांच कर रही है कि यह शराब कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

सराहनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम

इस सफल कार्रवाई में थाना कोतवाली के थाना प्रभारी गौरव चांटे, सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) भीम बाक्सर, प्रधान आरक्षक नीरज कोरी, आरक्षक अनुराग दुबे, आरक्षक अभय तिवारी, आरक्षक कुलदीप यादव, आरक्षक श्रेय अवस्थी, आरक्षक उमेश्वर पाठक एवं आरक्षक लोकमन पटैल की सराहनीय और तत्पर भूमिका रही।

Date & Time : 2026-10-05 13:38:27

Share:

Leave A Reviews

Related News