
टीकमगढ़ जिले अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) खरगापुर से अस्पताल प्रबंधन और मरीज सुरक्षा की धज्जियां उड़ाने वाला चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां बुजुर्गों, दिव्यांगों और गंभीर मरीजों को स्ट्रेचर व व्हीलचेयर से लाने-ले जाने के लिए बनाए गए रैंप पर भाजपा मंडल महामंत्री प्रशांत शुक्ला अपनी ई-स्कूटी दौड़ाते नजर आए।
सोमवार को इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि नेताजी अपनी ई-स्कूटी को ग्राउंड फ्लोर से सीधे अस्पताल के प्रथम तल (ऊपरी मंजिल) तक रैंप के सहारे ले जा रहे हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सुरक्षा गार्ड रवि के अनुसार, उन्होंने मुख्य द्वार पर ही प्रशांत शुक्ला को ई-स्कूटी अस्पताल परिसर के भीतर ले जाने से सख्ती से मना किया था। गार्ड के टोकने और नियमों का हवाला देने के बावजूद वे नहीं माने और वाहन को अस्पताल की गैलरी से होते हुए सीधे मरीज रैंप पर चढ़ा दिया।
अस्पताल के रैंप का निर्माण विशेष रूप से आपातकालीन स्थिति में स्ट्रेचर, ट्रॉली और व्हीलचेयर पर ले जाए जा रहे नाजुक मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया जाता है। ऐसे संकरे और ढलान वाले मार्ग पर तेज रफ्तार दोपहिया वाहन ले जाने से वहां मौजूद मरीजों और तीमारदारों की जान सीधे खतरे में पड़ सकती थी।
यह घटना 18 सितंबर की बताई जा रही है, जो 19 सितंबर को ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) के संज्ञान में आई। मामला तूल पकड़ने और वीडियो सार्वजनिक होने के बाद स्वास्थ्य महकमा हरकत में आया है।
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. अंकित त्रिपाठी ने बताया कि अस्पताल परिसर में इस तरह अनाधिकृत वाहन प्रवेश की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। अस्पताल प्रशासन द्वारा जवाब तलब किए जाने के बाद भाजपा नेता प्रशांत शुक्ला ने लिखित में माफीनामा सौंपा है। माफीनामे में उन्होंने सफाई दी है कि एक मरीज की हालत बेहद नाजुक होने के कारण वे अत्यधिक जल्दबाजी व घबराहट में वाहन लेकर सीधे ऊपरी मंजिल तक पहुंच गए थे।
बीएमओ डॉ. अंकित त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि अस्पताल जैसी संवेदनशील और शांत जगह पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। सुरक्षा गार्ड के बयानों और सीसीटीवी फुटेज की विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर मामले में आगे की वैधानिक व अनुशासनात्मक कार्रवाई निर्धारित की जाएगी।
Leave A Reviews