
खुरई। ललिता शास्त्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में तीन दिवसीय संभागीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता अंडर-19 बॉयज एवं गर्ल्स साइकिलिंग एवं हैंडबॉल का भव्य शुभारंभ किया गया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष नन्ही बाई अहिरवार उपस्थित रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। वहीं विशिष्ट अतिथि पार्षद देशराज यादव ‘दाऊ’ ने अपने उद्बोधन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों के जीवन में खेलों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
नवोदय विद्यालय के प्राचार्य योगेंद्र सिंह भदौरिया तथा पंडित के.सी. शर्मा उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य रविकांत असाटी भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक शर्मा ने किया। प्रतियोगिता में दमोह, पन्ना, छतरपुर और सागर सहित विभिन्न जिलों से खिलाड़ी, कोच अन्य प्रतिनिधियों की उपस्थिति रहे।

उद्घाटन समारोह के बाद प्रतियोगिता के प्रथम दिन डोहेला किला प्रांगण में हैंडबॉल के मुकाबले आयोजित किए गए। बालक वर्ग में सागर और छतरपुर की टीमों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें सागर ने 7 के मुकाबले छतरपुर के 3 मैच पॉइंट हासिल करते हुए 4 मैच पॉइंट से जीत दर्ज की।
वहीं बालिका वर्ग में सागर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छतरपुर को 10-0 के अंतर से पराजित किया। दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों का उत्साह और खेल कौशल देखने को मिला। मैच रेफरी के रूप में राजपाल सिंह लोधी और नवीन तिवारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान पंडित के.सी. शर्मा उत्कृष्ट विद्यालय के फिजिकल ट्रेनर रविंद्र खाटोल, गुरुकुल के अमित श्रीवास्तव, डीपीएस के करतार सिंह यादव और कॉन्वेंट के संजय दुबे सहित खेल प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
Leave A Reviews