Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

ग्रामीण LPG उपभोक्ताओं को बड़ी राहत: अब 45 की जगह 25 दिन में होगी सिलेंडर री-बुकिंग


बैतूल। ग्रामीण क्षेत्र के रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब उन्हें गैस सिलेंडर की रिफिलिंग के लिए 45 दिनों का इंतजार नहीं करना होगा, बल्कि शहरी क्षेत्र की तरह ही वे भी 25 दिनों में सिलेंडर की बुकिंग करवा सकेंगे। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने यह व्यवस्था आज से ही लागू भी कर दी है। शहरी क्षेत्र के लिए व्यवस्था में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। 

पहले एलपीजी सिलेंडर की री-बुकिंग के लिए न्यूनतम अंतर 21 दिन का था। मतलब एक सिलेंडर लेने के बाद दूसरा सिलेंडर 21 दिन बाद ही बुक कराया या लिया जा सकता था। यह नियम था जरुर, लेकिन गैस की किल्लत नहीं होने के कारण न तो सरकार इस पर अमल करवाती थी और न ही गैस कंपनियां ही इसे लेकर सख्त थी। यही कारण है कि लोगों को जब चाहे तब सिलेंडर मिल जाया करते थे। किल्लत तब शुरू हुई, जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमले शुरू किए। चूंकि भारत सहित अधिकांश देशों में एलपीजी गैस होर्मुज के रास्ते ही पहुंचती थी, इसलिए इस युद्ध के चलते सभी देशों में रसोई गैस का खासी किल्लत होने लगी। 

री-बुकिंग की बढ़ा दी थी अवधि

इसे देखते हुए इस व्यवस्था पर सख्ती से अमल शुरू हुआ। इसके साथ ही शहरी उपभोक्ताओं के लिए मार्च 2026 में इस अवधि को बढ़ाकर 21 दिन से 25 दिन का अंतर कर दिया गया। बाद में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए तो यह अवधि और बढ़ाकर 45 दिन कर दी गई। इस व्यवस्था के चलते अभी तक शहरी क्षेत्र में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिन के बाद ही दूसरा सिलेंडर मिल पा रहा था। 

ग्रामीण उपभोक्ताओं को भारी परेशानी

ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में अलग-अलग व्यवस्था से ग्रामीण उपभोक्ताओं को भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। गांवों में भी ऐसे कई परिवार हैं जो कि रसोई के सारे कामों के लिए सिलेंडर पर ही निर्भर थे। ऐसे में 45 दिनों तक उनका सिलेंडर चल ही नहीं पा रहा था। दूसरी ओर सिलेंडर खत्म होने के बावजूद वे नया सिलेंडर बुक नहीं करवा पा रहे थे। यही कारण है कि वे इस व्यवस्था में बदलाव की राह तक रहे थे। 

शहरी क्षेत्र में भी चल रही थी दिक्कत

ऐसा नहीं है कि केवल ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले उपभोक्ता ही परेशान थे, बल्कि शहरी क्षेत्र के कई उपभोक्ता भी परेशान थे। दरअसल, जिला मुख्यालय की इंडेन गैस एजेंसी के सभी ग्राहकों को कंपनी द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के मान लिया गया है। जबकि इस एजेंसी के शहरी क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में उपभोक्ता हैं। ऐसे में शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता भी इस नियम से परेशान हो रहे थे। 

अब दोनों क्षेत्रों में समान हुई व्यवस्था

अब पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने शहरी और ग्रामीण दोनों ही क्षेत्रों के लिए एक समान व्यवस्था लागू कर दी है। शहरी क्षेत्र की तरह अब ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता भी 25 दिन में री-बुकिंग करवा कर सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे। जिला आपूर्ति अधिकारी केके टेकाम ने बताया कि नई व्यवस्था आज से ही लागू भी हो गई है। इससे ग्रामीण उपभोक्ताओं को भी अब बिना ज्यादा इंतजार के और बिना परेशानी उठाए सिलेंडर मिल सकेगा।

Date & Time : 2026-09-11 14:05:00

Share:

Leave A Reviews

Related News