
भोपाल। मध्य प्रदेश गृह विभाग ने 14 भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों को 28वें मिड कॅरिअर ट्रेनिंग प्रोग्राम (एमसीटीपी) फेज-III के लिए कार्यमुक्त करने का आदेश दिया है। यह विशेष प्रशिक्षण हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में 20 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में शामिल होने वाले अधिकारियों में एक उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) और सात जिलों के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शामिल हैं। मैदानी स्तर पर प्रशासनिक व सुरक्षा कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए विभाग ने संबंधित पदों पर अन्य अधिकारियों को अतिरिक्त और वैकल्पिक दायित्व सौंप दिए हैं।
जारी व्यवस्था के तहत शहडोल रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक विवेक सिंह के स्थान पर शहडोल पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल को अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। भोपाल नगरीय पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान की जगह अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला कार्यभार संभालेंगी। इसके अलावा भोपाल जोन-2 के पुलिस उपायुक्त विकास कुमार सहवाल की जगह जोन-3 के पुलिस उपायुक्त आयुष गुप्ता कार्य देखेंगे। 23वीं वाहिनी विसबल भोपाल के सेनानी प्रमोद कुमार सिन्हा का प्रभार 25वीं वाहिनी के सेनानी नागेंद्र सिंह को तथा भौंरी स्थित मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी के उप निदेशक रामजी श्रीवास्तव की जिम्मेदारी राज्य पुलिस सेवा अधिकारी रश्मि पाण्डेय को सौंपी गई है।
ग्वालियर पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के स्थान पर 13वीं वाहिनी के सेनानी श्रुतकीर्ति सोमवंशी को कमान दी गई है। रायसेन पुलिस अधीक्षक आशुतोष का कार्यभार भोपाल रेल पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल संभालेंगे। इसी प्रकार जबलपुर रेल पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश की जगह सिद्धार्थ चौधरी को तैनात किया गया है। मनीष खत्री के स्थान पर हेलेन सोनाली सूना को प्रभार मिला है।
आदेश के अनुसार बड़वानी पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ला का प्रभार सेनानी विनोद कुमार सिंह को, आगर मालवा पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी का प्रभार सेनानी दीपक कुमार शुक्ला को सौंपा गया है। अनूपपुर पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराव की जगह अंकित सोनी, मऊगंज पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन की जगह मनोहर सिंह मंडलोई और डिंडोरी पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के स्थान पर सेनानी सुनील तिवारी को अस्थाई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Leave A Reviews