Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

रीवा: टमस नदी में मिला हाथ बंधा नर कंकाल, हत्या कर शव फेंकने की आशंका


रीवा जिले अंतर्गत चाकघाट थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह टमस नदी से एक अज्ञात नर कंकाल मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। नदी में पानी के बहाव के बीच कंकाल दिखने पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ घाट पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही चाकघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से कंकाल को सुरक्षित बाहर निकाला।

कपड़े से बंधे मिले हाथ, हत्या की आशंका

बरामद कंकाल की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, कंकाल के दोनों हाथ कपड़े से मजबूती से बंधे हुए पाए गए हैं। शव के लंबे समय तक पानी में डूबे रहने के कारण पूरा मांस गल चुका है और वह कंकाल में तब्दील हो गया है। हाथ बंधे होने की स्थिति यह संकेत देती है कि किसी ने व्यक्ति की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को नदी में फेंका होगा।

गुमशुदगी के मामलों की पड़ताल शुरू

शव पूरी तरह कंकाल बन जाने के कारण फिलहाल मृतक की उम्र और पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। चाकघाट पुलिस ने पंचनामा तैयार कर हड्डियों व अवशेषों को फॉरेंसिक व डीएनए जांच और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही रीवा, मऊगंज और सीमावर्ती उत्तर प्रदेश के थानों में हाल के महीनों में दर्ज हुए गुमशुदगी (गुम इंसान) के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, ताकि कपड़ों व हुलिए के आधार पर शिनाख्त की जा सके।

सोहागी पहाड़ में मिला था डिलीवरी बैग में शव

रीवा जिले में रहस्यमयी परिस्थितियों में शव मिलने का यह नया मामला नहीं है। कुछ दिन पूर्व ही जिले के सोहागी पहाड़ में एक डिलीवरी बैग के भीतर से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया था। बाद में उत्तर प्रदेश पुलिस की जांच में मृतक की पहचान यूपी के एक पेशेवर फोटोग्राफर के रूप में हुई थी, जिसकी हत्या कर शव को पहाड़ की घाटी में ठिकाने लगाया गया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

चाकघाट थाना पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों, समयावधि और मृतक की पहचान के लिए तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों का सहारा लिया जा रहा है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह और समय का खुलासा हो सकेगा।

Date & Time : 2026-09-14 08:37:20

Share:

Leave A Reviews

Related News