Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

सिंगरौली में पंचर बनाते समय धमाके के साथ फटा टायर, ड्राइवर की दर्दनाक मौत, दो गंभीर घायल


सिंगरौली जिले अंतर्गत बरगवां थाना क्षेत्र के बदिझिरिया गांव में रविवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। VRCC कंपनी के लिए कोयला परिवहन (कोल डिस्पैच) में लगे एक भारी ट्रेलर/टिपर का पंचर टायर बदलते समय अचानक भीषण धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि 24 वर्षीय टिपर चालक अनिल साहू के चीथड़े उड़ गए और मौके पर ही तड़प-तड़पकर उनकी दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, टायर दुकान पर काम कर रहे दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में करीब 10 मिनट तक धुएं का गुबार छाया रहा और अफरा-तफरी मच गई। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना का लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

मना करने के बावजूद जल्दबाजी में खोला गया गर्म टायर

हादसे में घायल हुए चालक के भतीजे विजय साहू (17) ने बताया कि कोयले से लदे ट्रेलर का रिम और पहिया काफी गर्म था। दुकान के कर्मचारियों ने गर्म टायर को तत्काल खोलने से मना किया था और उसे ठंडा होने देने की सलाह दी थी। इसके बावजूद गाड़ी मालिक रोशनलाल गुप्ता के दबाव और जल्दबाजी में अनिल टायर लीवर की मदद से पहिया खोलने लगे। एक टायर अलग करने के बाद जैसे ही दूसरे पहिए पर काम शुरू हुआ, उसमें से हवा के अत्यधिक दबाव की आवाज आने लगी। खतरा भांपकर विजय और पवन किनारे हटे ही थे कि अचानक बम जैसा जोरदार धमाका हुआ और पहिया फट गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने गंभीर रूप से घायल चालक अनिल और दोनों घायल युवकों को तत्काल बैढ़न जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत अनिल साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल विजय साहू और पवन कोल (18) का अस्पताल में गहन उपचार चल रहा है।

परिवार का इकलौता सहारा था अनिल, 6 माह की है मासूम बच्ची

हादसे में जान गंवाने वाले अनिल साहू पचौर गांव के निवासी थे। वे दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे थे तथा पूरे परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे, जबकि पिता और अन्य भाई मजदूरी करते हैं। अनिल का विवाह करीब दो वर्ष पूर्व हुआ था और उनकी 6 महीने की एक दुधमुंही बच्ची (आराध्या) है। इस अप्रत्याशित हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस कर रही तकनीकी पहलुओं की जांच

घटना की सूचना मिलने पर सोमवार सुबह बरगवां थाना प्रभारी अनिल पटेल ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का मुआयना किया और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया गया है। अत्यधिक हवा के दबाव और अत्यधिक तापमान के कारण ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है। परिजनों द्वारा दी जाने वाली लिखित शिकायत और तकनीकी जांच के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Date & Time : 2026-09-14 09:15:13

Share:

Leave A Reviews

Related News