Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मैहर: घर के बाहर टहल रहे 15 वर्षीय किशोर को बाइक ने रौंदा, मौके पर मौत, दो घायल


मैहर. अमरपाटन थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। सतना रोड स्थित गुरुकुल स्कूल के पास एक तेज रफ्तार बाइक ने घर के बाहर टहल रहे एक 15 साल के किशोर को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

घर के बाहर टहल रहा था मासूम, काल बनकर आई बाइक

मृतक की पहचान ग्राम गढ़ौली निवासी राकेश यादव (15), पिता शिवदास यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात करीब साढ़े 8 बजे राकेश अपने घर के बाहर टहल रहा था। तभी अमरपाटन से सतना की ओर जा रही एक अनियंत्रित बाइक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राकेश काफी दूर जा गिरा और उसके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर भागे, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बाइक सवार दो युवक गंभीर, सतना रेफर

हादसे के बाद बाइक सवार दोनों युवक भी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल अमरपाटन ले जाया गया, लेकिन उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया है। फिलहाल दोनों युवकों का उपचार जारी है और उनकी पहचान की जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच, गांव में शोक की लहर

अमरपाटन थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और जांच शुरू कर दी है कि बाइक की रफ्तार कितनी थी और क्या चालक नशे की हालत में था।

किशोर की मौत की खबर फैलते ही पूरे गढ़ौली गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने सड़क पर वाहनों की अनियंत्रित गति को लेकर नाराजगी जताई है और प्रशासन से गति अवरोधक (ब्रेकर्स) बनाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर लगाम लगाई जा सके।

Share:

Leave A Reviews

Related News