
मैहर। जिला पुलिस इकाई मैहर द्वारा पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर आज 'राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस' अत्यंत गरिमामय और श्रद्धापूर्ण वातावरण में मनाया गया।
इस अवसर पर कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले जांबाज पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस को नमन करते हुए भव्य 'स्मृति परेड' का आयोजन किया गया। परेड की सलामी पुलिस इकाई प्रमुख अवधेश प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक मैहर के द्वारा ली गई।
विधायक और कलेक्टर ने अर्पित की पुष्पचक्र -
माननीय विधायक कांत चतुर्वेदी एवं जिला कलेक्टर मैहर विदिशा मुखर्जी के द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र (रीत) अर्पित कर अमर शहीदों को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

शोक सलामी और 2 मिनट का मौन -
समारोह के दौरान परेड कमांडर के नेतृत्व में पुलिस की टुकड़ियों द्वारा 'शोक शस्त्र' और गार्ड द्वारा शोक सलामी दी गई। इसके पश्चात उपस्थित सभी अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और गणमान्य नागरिकों द्वारा देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में शहीद हुए वीर जवानों की आत्म-शांति के लिए 02 मिनट का सामूहिक मौन धारण किया गया।
विगत वर्ष के शहीदों का नाम वाचन -
परंपरा के अनुसार पुलिस अधीक्षक मैहर द्वारा इस वर्ष देश भर में विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों, केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और अर्धसैनिक बलों के उन सभी वीर अधिकारियों व कर्मचारियों के नामों की सूची का ससम्मान वाचन किया गया, जिन्होंने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ते हुए अपने प्राण न्योछावर किए।

शहीद परिवारों का सम्मान -
इस संवेदनात्मक अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित शहीद पुलिसकर्मी श्री शंकर प्रसाद पटेल की पत्नी श्रीमती लक्ष्मी पटेल को माननीय विधायक के द्वारा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस गौरवमयी पुलिस स्मृति परेड समारोह में पुलिस अधीक्षक मैहर श्री अवधेश प्रताप सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मैहर श्रीमती चंचल नागर, नगर पुलिस अधीक्षक मैहर श्री महेन्द्र सिंह चौहान, रक्षित निरीक्षक मैहर दिलीप तिवारी सहित पुलिस विभाग के सभी अधिकारी, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी व मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।
Leave A Reviews