
मैहर, 18 सितंबर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कमिश्नर श्री शीलेन्द्र सिंह और कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने शासकीय प्राथमिक विद्यालय लोही का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा अध्ययन-अध्यापन की स्थिति का जायजा लिया।
कमिश्नर श्री सिंह ने विद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए स्कूल में दर्ज छात्रों की संख्या, पाठ्य पुस्तकों के वितरण तथा उनकी पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ पढ़वाकर उनके शैक्षणिक स्तर का परीक्षण भी किया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता के अनुसार उन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
कमिश्नर श्री सिंह ने विद्यालय में कमजोर एवं होनहार विद्यार्थियों को अलग-अलग बैठाकर शिक्षण कार्य कराने तथा कमजोर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की सीखने की क्षमता पर नियमित निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
विद्यालय में कम संख्या में विद्यार्थियों के दर्ज होने पर कमिश्नर श्री सिंह ने संकुल प्राचार्य को निर्देश दिए कि ग्राम में बच्चों के पालकों से संपर्क कर उन्हें शासकीय विद्यालयों में बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि शासकीय विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति अभिभावकों में विश्वास बढ़ाने के लिए निरंतर संवाद करे।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के शैक्षणिक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं पाए जाने पर कमिश्नर श्री सिंह ने संकुल प्राचार्य घुनवारा श्री सत्येंद्र सिंह एवं बीआरसी श्री आनंद शुक्ला का एक-एक इंक्रीमेंट रोकने के निर्देश दिए। वहीं डीपीसी श्री दिवाकर तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कमिश्नर श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन के निर्देशों के अनुरूप प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि , डीपीसी श्री तिवारी और अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Leave A Reviews