
मैहर: मध्य प्रदेश के नवगठित जिले मैहर के रामनगर थाना क्षेत्र में सोमवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पहली हृदयविदारक घटना में एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार एक ही परिवार के तीन सदस्यों को रौंद दिया, जिसमें पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।
हाइवा की लापरवाही ने उजाड़ा परिवार पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली घटना सोमवार शाम करीब 7 बजे भिटारी गांव के पास हुई। डागा-गुलवार निवासी 70 वर्षीय मज्जू पाल अपने बेटे लक्ष्मी प्रसाद पाल (30) और बहू शीला पाल (30) के साथ बाइक पर सवार होकर रामनगर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अनियंत्रित हाइवा के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मज्जू पाल और उनके बेटे लक्ष्मी प्रसाद की घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं। गंभीर रूप से घायल बहू शीला पाल को प्राथमिक उपचार के बाद संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत दूसरी दुर्घटना रामनगर के बरहा गांव के पास हुई। यहाँ रामपुर बाघेलान के महुडर निवासी तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर रामनगर से वापस लौट रहे थे। तभी अचानक उनकी बाइक बेकाबू होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में 25 वर्षीय रजनीश कोल की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। बाइक पर सवार उनके अन्य दो साथी, देवेंद्र रावत (23) और पीयूष कोल (27), इस हादसे में बुरी तरह जख्मी हुए हैं, जिनका उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है।
पुलिस की कार्रवाई और चेतावनी रामनगर थाना पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पिता-पुत्र की जान लेने वाले हाइवा को जब्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जबकि चालक घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर गति सीमा का ध्यान रखें और सुरक्षित वाहन चलाएं।
Leave A Reviews