
मैहर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी की अध्यक्षता में समयावधि पत्रों (TL) की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, जनहित की योजनाओं और सीएम हेल्पलाइन की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को कड़े शब्दों में निर्देश दिए कि नागरिकों के आवेदनों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के पात्र हितग्राही तक पहुंचाने में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में आगामी 'सेवा संकल्प अभियान' की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बताया कि जिले में यह विशेष अभियान 17 सितंबर से प्रारंभ होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के पहले दिन 17 सितंबर की शाम को ऐतिहासिक आल्हा तालाब सहित जिले के सभी नगरीय एवं ग्रामीण निकायों के प्रमुख जलस्रोतों पर भव्य दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभियान के तहत शिविर लगाकर जनकल्याणकारी नीतियों का प्रचार-प्रसार करने और स्थानीय जनप्रतिनिधियों व आम नागरिकों को सक्रिय रूप से जोड़ने का खाका तैयार किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पदीय दायित्वों में लापरवाही बरतने पर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) अमरपाटन के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही अनमोल पोर्टल पर शत-प्रतिशत एंट्री और ई-केवाईसी पूर्ण करने, एनीमिक महिलाओं को पोषण आहार के प्रति जागरूक करने तथा नि:क्षय अभियान के तहत सभी टीबी मरीजों को फूड बास्केट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान टीएल बैठक में लगातार अनुपस्थित रहने पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) और जिला परियोजना समन्वयक (DPC) को कड़ी चेतावनी जारी करने के आदेश दिए। कलेक्टर ने जिले के सभी स्कूली छात्रों की 'अपार आईडी' (APAAR ID) का कार्य शीघ्र पूरा करने की समय-सीमा तय की।
मुख्य सचिव के निर्देशों का हवाला देते हुए कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने संबंधी मामलों का निराकरण आगामी 7 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए। इसके अतिरिक्त एसडीएम, जनपद सीईओ और नगरीय निकायों के सीएमओ को विशेष अभियान चलाकर पात्र हितग्राहियों के संबल कार्ड बनाने और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से जोड़ने के निर्देश दिए गए। स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के उद्देश्य से स्व-सहायता समूहों को स्थानीय मसाला उद्योग से ही मसाले क्रय करने और आबकारी विभाग को अवैध शराब के परिवहन व बिक्री पर धरपकड़ तेज करने को कहा गया। बैठक में अपर कलेक्टर (एडीएम) श्री रोशन राय, समस्त एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Leave A Reviews