
नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर बुधवार को टैक्सीइंग के दौरान स्पाइसजेट और अकासा एयर के दो विमानों के बीच टक्कर हो गई। यह घटना उस समय हुई जब स्पाइसजेट का B737-700 विमान रनवे की ओर बढ़ रहा था और उसका दाहिना विंगलेट अकासा एयर के विमान से टकरा गया। इस टक्कर से अकासा विमान के लेफ्ट हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर को नुकसान पहुंचा।
हालांकि इस घटना में किसी यात्री या चालक दल को कोई चोट नहीं आई और सभी लोग सुरक्षित हैं। सुरक्षा को देखते हुए दोनों विमानों को एहतियातन ग्राउंड कर दिया गया है। विमानन अधिकारियों द्वारा घटना की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, अकासा एयर की फ्लाइट QP 1406, जो दिल्ली से हैदराबाद जा रही थी, तकनीकी और परिचालन कारणों से वापस बे (bay) पर लौट आई। इसी दौरान विमान पार्किंग क्षेत्र में खड़ा था जब यह टक्कर जैसी स्थिति बनी।
अकासा एयर ने बयान जारी कर पुष्टि की है कि सभी यात्री और क्रू पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें समय पर विमान से सुरक्षित उतार लिया गया। एयरलाइन ने यह भी बताया कि यात्रियों को उनके गंतव्य हैदराबाद तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था की जा रही है।
Leave A Reviews