
मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ बच्चों के भविष्य संवारने वाले 'शिक्षा के मंदिर' को शराबखोरी का अड्डा बना दिया गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जौरा रोड पर स्थित 'सम्राट पब्लिक स्कूल' के परिसर में अवैध शराब का कारोबार और शराब पिलाने की गतिविधि का खुलासा हुआ है। यह स्कूल आजाद समाज पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री मनोज सेमिल के निजी मकान की पहली मंजिल पर संचालित होता है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, खुली पोल मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हुआ, जिसने पूरे शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा दिया। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि स्कूल के कमरों के भीतर देशी शराब की पेटियां भरी हुई हैं। हैरानी की बात यह है कि स्कूल के कमरों में बाकायदा टेबल-कुर्सी लगाकर लोगों के बैठने और शराब पीने का इंतजाम किया गया था। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने आरोप लगाया कि मनोज सेमिल, जो दूसरों की शिकायतें करते हैं, खुद अपने ही विद्यालय में अवैध शराब का धंधा चला रहे हैं।
आजाद समाज पार्टी के नेता पर उठ रहे सवाल घटनास्थल सोलंकी पेट्रोल पंप के सामने स्थित मनोज सेमिल का निजी निवास है। स्कूल की आड़ में चल रहे इस अवैध कारोबार ने राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा छेड़ दी है। वीडियो में शराब खरीदने, बेचने और वहीं बैठकर पीने वाले लोग भी कैमरे में कैद हुए हैं। यह दृश्य शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाला है, क्योंकि जिस परिसर में बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं, वहां शराब की तस्करी और अहाता संचालित किया जा रहा था।
पुलिस ने शुरू की जांच मामला संज्ञान में आते ही पुलिस विभाग ने कार्रवाई की बात कही है। हेडक्वार्टर डीएसपी विजय भदौरिया ने इस गंभीर मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्कूल परिसर के भीतर ऐसी अवैध गतिविधियों के संचालन को लेकर तथ्यों की पुष्टि की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave A Reviews