Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

नर्मदापुरम सड़क हादसा: ट्रॉली में घुसी तेज रफ्तार स्कूटी, तीन छात्रों की मौत

सोहागपुर. मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर क्षेत्र में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए. करणपुर के पास सड़क किनारे खड़ी एक धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से छात्रों की स्कूटी अनियंत्रित होकर टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार तीनों छात्रों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

कोचिंग से लौटते वक्त हुआ हादसा
मृतक छात्रों की पहचान अश्विन रघुवंशी (पिता ललित रघुवंशी), शिव रघुवंशी (पिता रामेश्वर रघुवंशी) और मनुराज रघुवंशी (पिता प्रवीण रघुवंशी) के रूप में हुई है. तीनों मृतक ग्राम आमदेही के निवासी थे और आपस में चचेरे भाई बताए जा रहे हैं. ये तीनों सोहागपुर के सेंट पेट्रिक स्कूल में कक्षा 9वीं के छात्र थे.

हादसा रात करीब 8:30 बजे हुआ, जब तीनों छात्र सोहागपुर से कोचिंग पढ़कर अपनी ओला स्कूटी से वापस अपने गाँव आमदेही (दूरी 5 किमी) लौट रहे थे. ग्राम करणपुर स्थित चौधरी पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़ी धान से भरी ट्रॉली काल बनकर सामने आई.

अस्पताल में उमड़ी भारी भीड़
हादसे की खबर मिलते ही सोहागपुर थाना प्रभारी उषा मरावी, तहसीलदार नीरू जैन और जनपद उपाध्यक्ष राघवेंद्र रघुवंशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे. पुलिस ने तीनों शवों को तत्काल सरकारी अस्पताल पहुँचाया. जैसे ही यह खबर फैली, अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और शोकाकुल परिजनों की भीड़ जमा हो गई.

आज होगा पोस्टमॉर्टम
पुलिस ने तीनों छात्रों के शवों को अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया है. रविवार सुबह पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपे जाएंगे. पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है कि क्या अंधेरे में ट्रॉली पर रिफ्लेक्टर या कोई चेतावनी संकेत मौजूद थे या नहीं.

Share:

Leave A Reviews

Related News