
मैहर, 4 नवंबर। राज्य स्तरीय मोगली बाल उत्सव 2026 में मैहर जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित किया। पेंच राष्ट्रीय उद्यान, सिवनी में 2 से 4 नवंबर तक आयोजित उत्सव की वरिष्ठ वर्ग मल्टीमीडिया पर्यावरण क्विज प्रतियोगिता में मैहर के कृष्णा विश्वकर्मा एवं सोनम चौरसिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को), भोपाल एवं पर्यावरण विभाग द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव, जलवायु परिवर्तन, ओजोन संरक्षण, मिशन लाइफ एवं प्रदूषण जैसे विषयों पर अपनी ज्ञान और समझ का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

वरिष्ठ वर्ग में मैहर प्रथम
प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में मैहर जिले के कृष्णा विश्वकर्मा एवं सोनम चौरसिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं नरसिंहपुर जिले के अंजलि साहू एवं ओम चौधरी द्वितीय तथा जबलपुर जिले के शुभम जैन एवं अभिरुचि कश्यप तृतीय स्थान पर रहे।
कलेक्टर मुखर्जी ने दी शुभकामनाएं
मैहर जिले की इस उपलब्धि पर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी, जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा एवं जिला मास्टर ट्रेनर इको क्लब ब्रजनंदन तिवारी ने विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave A Reviews