
बालाघाट। महाराष्ट्र के नागपुर में 3.74 करोड़ रुपये की बड़ी लूट के मामले में मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले तक जांच पहुंच गई है। मंगलवार सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम एक आरोपी को लेकर डोरली गांव पहुंची। आरोपी की निशानदेही पर एक खेत में पैरे के ढेर के भीतर छिपाकर रखी गई नकदी की तीन बोरियां बरामद की गईं।
शुरुआती जानकारी में बरामद रकम 4 करोड़ रुपये से अधिक होने की चर्चा है। हालांकि, नकदी की वास्तविक राशि की आधिकारिक पुष्टि नोटों की गिनती पूरी होने के बाद ही होगी। फिलहाल बरामद रकम को ग्राम पंचायत डोरली में रखकर क्राइम ब्रांच की टीम गिनती कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने करीब चार दिन पहले नकदी को तीन बोरियों में भरकर डोरली गांव के एक परिचित के खेत में छिपा दिया था। बोरियों को पैरे के ढेर के भीतर रखा गया था, ताकि किसी को उनके बारे में पता न चले।
मंगलवार सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को साथ लेकर गांव पहुंची। इसके बाद उसकी निशानदेही पर खेत में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान तीनों बोरियां बरामद कर ली गईं।
खेत से बरामद नकदी को ग्राम पंचायत डोरली में रखा गया है। यहां क्राइम ब्रांच की टीम नोटों की गिनती कर रही है। लूट की रकम 3.74 करोड़ रुपये बताई गई थी, जबकि बरामद नकदी 4 करोड़ रुपये से अधिक होने की शुरुआती चर्चा है।
बरामद रकम और लूट की बताई गई राशि के बीच अंतर को लेकर पुलिस की जांच जारी है। गिनती पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि कुल कितनी नकदी बरामद हुई है।
नागपुर के तुलसी नगर में 18 नवंबर की रात हथियारबंद बदमाशों ने व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों से नकदी से भरी कार लूट ली थी। कार में 3.74 करोड़ रुपये रखे हुए थे।
वारदात के बाद बदमाश कार को कामठी रोड के खैरी इलाके में छोड़कर नकदी लेकर फरार हो गए थे। इसके बाद से नागपुर पुलिस आरोपियों और लूटी गई रकम की तलाश कर रही थी।
डोरली गांव में नकदी बरामद होने के बाद पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
Leave A Reviews