
करेली. मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के करेली में शनिवार रात अज्ञात चोरों ने न केवल दुकानों के ताले चटकाए, बल्कि एक ऐसी धमकी भरी चिट्ठी छोड़ी है जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. चोरी की इस वारदात में साम्प्रदायिक रंग देने की कोशिश की गई है, जिससे स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में भारी आक्रोश है.
चोरी के साथ दी गई सीधी चुनौती
शनिवार 17 जनवरी की रात चोरों ने शहर की तीन से चार दुकानों को निशाना बनाया. पीड़ित दुकानदार प्रदीप साहू ने बताया कि चोरों ने उनकी दुकान की दराज से करीब 10 से 15 हजार रुपये नकद पार कर दिए. लेकिन जब उन्होंने दुकान के अंदर देखा, तो वहां एक हाथ से लिखी चिट्ठी मिली.
चिट्ठी में आपत्तिजनक और विवादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए लिखा था: "भाईजान से पंगा लोगे तो अंजाम बुरा होगा... तुम हिंदू हो, हिंदू जैसे रहो."
प्रशासन को खुली चुनौती
दुकानदार प्रदीप साहू का कहना है कि चोरी से ज्यादा खतरनाक वह मानसिकता है जो समाज में नफरत फैलाना चाहती है. यह केवल एक दुकान की चोरी नहीं, बल्कि प्रशासन और सामाजिक एकता को खुली चुनौती है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले इन शरारती तत्वों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए.
जांच में जुटी पुलिस
करेली थाना प्रभारी रत्नाकर हिंगवे ने घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम को सक्रिय कर दिया है. पुलिस के अनुसार:
शहर के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की मदद ली जा सकती है.
पुलिस का मानना है कि यह केवल चोरी का मामला नहीं है, बल्कि किसी खास व्यक्ति को धमकाने या शहर का माहौल खराब करने की साजिश हो सकती है.
Leave A Reviews