
नरसिंहपुर। जिले के साईंखेड़ा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक शादी समारोह में शामिल होने गई महिला रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई है। घटना के 20 दिन बीत जाने के बाद भी जब स्थानीय पुलिस की तरफ से कोई ठोस सुराग नहीं मिला, तो पीड़ित पति ने न्याय की गुहार लगाने के लिए मंगलवार को जिला पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय का दरवाजा खटखटाया। पीड़ित ने एसपी को लिखित शिकायत सौंपकर स्थानीय पुलिस पर घोर लापरवाही और असहयोग करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम तूमड़ा (थाना साईंखेड़ा) के निवासी घनश्याम नोरिया ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी बीते 7 मई 2026 को गाडरवारा स्थित एक रिसोर्ट गार्डन में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। घनश्याम का आरोप है कि इसी मांगलिक कार्यक्रम के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने सोची-समझी साजिश के तहत उनकी पत्नी के खाने या पेय पदार्थ में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया। जब महिला बेहोश हो गई, तो आरोपी उन्हें जबरन अगवा कर अपने साथ ले गए।
पीड़ित पति घनश्याम नोरिया ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद ही गाडरवारा और साईंखेड़ा दोनों थानों में लिखित सूचना दे दी थी। शिकायत में उन्होंने कुछ स्थानीय संदिग्ध लोगों के नाम और उनके मोबाइल नंबर भी पुलिस को सौंपे थे, जिन पर उन्हें अपनी पत्नी को योजनाबद्ध तरीके से गायब करने का पूरा शक है। इसके बावजूद, घटना को लगभग 20 दिन का लंबा समय बीत चुका है, लेकिन दोनों थानों की पुलिस ने अब तक नामजद संदिग्धों को थाने बुलाकर पूछताछ करने तक की जहमत नहीं उठाई है।
परेशान पति ने आशंका जताई है कि मामले का मुख्य संदिग्ध आदतन अपराधी है और पहले भी कई अवैध व आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। घनश्याम ने पुलिस अधीक्षक से इस पूरे मामले की किसी वरिष्ठ अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराने, संदिग्धों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ करने और उनकी पत्नी की जल्द से जल्द सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने की भावुक अपील की है। शिकायत पत्र लेने के बाद पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों को मामले की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए हैं, जिसके बाद अब पुलिसिया कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
Leave A Reviews