
नरसिंहपुर जिले में पुलिस बल को आधुनिक, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में एक विशेष कार्यशाला शुरू की गई है। पुलिस कंट्रोल रूम नरसिंहपुर में नव आरक्षक से नियमित आरक्षक बने पुलिस कर्मचारियों के लिए 5 दिवसीय सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स) प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण का मुख्य ध्येय मैदानी स्तर पर पदस्थ होने वाले जवानों को डिजिटल पुलिसिंग प्रणाली की संपूर्ण कार्यप्रणाली से रूबरू कराना और उन्हें ऑनलाइन कानूनी प्रक्रियाओं के संपादन में निपुण बनाना है।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने स्वयं उपस्थित होकर प्रशिक्षुओं को संबोधित किया और सीसीटीएनएस सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आधुनिक अपराधों की जांच, साक्ष्य संकलन और कानून-व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन में तकनीक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो चुकी है। डिजिटल प्रणालियों के सटीक उपयोग से पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, गति और विश्वसनीयता सुनिश्चित होती है। एसपी ने सभी कर्मचारियों को प्रशिक्षण के दौरान सिखाई जा रही बातों का गंभीरता से प्रायोगिक अभ्यास करने के निर्देश दिए।

इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण में जवानों को केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं, बल्कि कंप्यूटर सिस्टम पर व्यावहारिक अभ्यास कराया जा रहा है। इसके अंतर्गत सीसीटीएनएस एप्लीकेशन पर प्राथमिक सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज करने, विवेचना के विभिन्न चरण ऑनलाइन फीड करने, आरोपियों की गिरफ्तारी, डिजिटल केस डायरी तैयार करने और न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने तक की पूरी प्रक्रिया सिखाई जा रही है। इसके साथ ही ऑनलाइन रिकॉर्ड संधारण और डेटाबेस प्रबंधन की बारीकियों से भी पुलिसकर्मियों को अवगत कराया जा रहा है।
तकनीकी कार्य में गति और शुद्धता बनाए रखने के लिए जवानों की हिंदी व अंग्रेजी कंप्यूटर टाइपिंग स्पीड पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि 5 दिवसीय प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी कर्मचारियों का व्यावहारिक मूल्यांकन किया जाएगा और परीक्षा में सफल होने के उपरांत ही उनकी फील्ड में पदस्थापना की जाएगी। प्रशिक्षण सत्र सीसीटीएनएस शाखा नरसिंहपुर के विशेषज्ञ प्रधान आरक्षक संतोष मरावी, दीपक ठाकुर, महिला आरक्षक निशा नेमा और सुप्रिया गोहिया द्वारा दिया जा रहा है।
Leave A Reviews