
दमोह जिले के नोहटा स्थित ऐतिहासिक नोहलेश्वर मंदिर परिसर में 11 से 15 फरवरी 2026 तक पांच दिवसीय नोहलेश्वर महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इस दौरान कला, संस्कृति, साहित्य और भक्ति संगीत से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष नोहलेश्वर महोत्सव को पहले की तुलना में अधिक भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त किया जा रहा है और इसी क्रम में बुंदेलखंड की धार्मिक व सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
महोत्सव में कला, संस्कृति, साहित्य और भक्ति संगीत जगत की ख्यातनाम हस्तियां अपनी प्रस्तुतियां देंगी। प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा भगवान शिव पर आधारित शिव तांडव नृत्य, शास्त्रीय नृत्य, जय श्रीराम नृत्य नाटिका सहित अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में राष्ट्रीय स्तर के कवि हरिओम पवार और जानी बैरागी काव्यपाठ करेंगे। वहीं, समापन समारोह में प्रसिद्ध भजन गायिका आशा वैष्णव अपनी प्रस्तुति देंगी।
राज्यमंत्री लोधी ने बताया कि संस्कृति विभाग द्वारा महोत्सव की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन भी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने में जुटा है। उन्होंने बताया कि नोहलेश्वर महोत्सव की शुरुआत दो वर्ष पूर्व हुई थी और इस वर्ष इसे और अधिक आकर्षक रूप दिया जा रहा है।
महोत्सव के माध्यम से बुंदेलखंड की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को देशभर में पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। राज्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे परिवार सहित महोत्सव में शामिल होकर बुंदेलखंड की कला और संस्कृति का आनंद लें। महोत्सव के दौरान हॉट एयर बैलून जैसी रोमांचक गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
Leave A Reviews