
पांढुर्णा: मध्य प्रदेश के नवनिर्मित पांढुर्णा जिले अंतर्गत मोहगांव थाना क्षेत्र की नंदेवानी घाटी में मंगलवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना घटी। पत्थरों से लदा एक अनियंत्रित ट्रैक्टर झाड़ियों में घुसकर पेड़ से टकरा गया। इस भीषण हादसे में ट्रैक्टर पर सवार 7 वर्षीय बालक उज्ज्वल उइके की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
मृतक उज्ज्वल दूसरी कक्षा का छात्र था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर काफी तेज गति में था और घाटी के उतार पर चालक ने उस पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण वह सीधे झाड़ियों की ओर जा घुसा।
मोहगांव पुलिस के एएसआई भलावी ने परिजनों के बयानों के आधार पर बताया कि मासूम उज्ज्वल ट्रैक्टर पर घूमने की जिद कर रहा था। बच्चे की जिद के आगे झुककर चालक उसे अपने पास इंजन पर बैठाकर खेत से पत्थर भरने ले गया था। जब वह पत्थर भरकर गांव की ओर लौट रहा था, तभी नंदेवानी घाटी के पास संतुलन बिगड़ गया।
संतुलन बिगड़ने के कारण ट्रैक्टर जोर से उछला और पास बैठा उज्ज्वल छिटककर सीधे भारी-भरकम पहिए के नीचे आ गया। ट्रैक्टर का पहिया मासूम के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मोहगांव थाना प्रभारी अजय मरकाम ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक घबराकर ट्रैक्टर को झाड़ियों में ही फंसा हुआ छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सौसर अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और फरार चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।
अधिकारियों ने इस घटना के बाद ग्रामीणों से अपील की है कि वे बच्चों को ट्रैक्टर या अन्य भारी वाहनों पर बैठने की अनुमति न दें, क्योंकि जरा सी लापरवाही ऐसी बड़ी त्रासदी का कारण बन सकती है।
Leave A Reviews