Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

पचमढ़ी में होटल में एलपीजी सिलिंडर ब्लास्ट से हड़कंप, चार पर्यटक समेत पांच घायल, होटल सील

पचमढ़ी। प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक होटल में एलपीजी सिलिंडर फटने से जोरदार धमाका हो गया। सुबह करीब 8:30 बजे हुए इस हादसे में होटल सिनेरिटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। धमाका इतना भीषण था कि लगभग 20 मीटर दूर स्थित पांडव रिट्रीट तक कांप उठा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

धमाके के बाद होटल की दीवारें, छत और अंदर रखा सारा सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के लोग तेज आवाज से सहम गए और दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और सुरक्षा के मद्देनज़र होटल को तत्काल सील कर दिया गया। साथ ही होटल के आसपास आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त होटल में कुल 19 पर्यटक ठहरे हुए थे। इस घटना में महाराष्ट्र के एक ही परिवार के चार सदस्य—पति, पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे-धमाके की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा होटल में काम करने वाला एक कर्मचारी भी बुरी तरह झुलस गया है।

सूचना मिलते ही पचमढ़ी थाना प्रभारी पदम सिंह मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को पहले पचमढ़ी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें पिपरिया अस्पताल रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार होटल का मालिकाना हक सतपुड़ा टाइगर रिजर्व, पचमढ़ी के एसडीओ संजीव शर्मा के पास है। होटल को “बेटा बावर्ची होटल” के संचालक तुषार जायसवाल को किराए पर दिया गया है, जो वर्तमान में इसका संचालन कर रहे हैं।

फिलहाल एलपीजी सिलिंडर ब्लास्ट के कारणों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि होटल में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। सिलिंडर में गैस लीकेज या किसी तरह की लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

पचमढ़ी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर हुई इस घटना ने होटल सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की हर पहलू से जांच में जुटा हुआ है।

Share:

Leave A Reviews

Related News