
उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में दो भालुओं की संदिग्ध मौत से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। मानपुर बफर क्षेत्र की खम्हा बीट में पहले एक अवयस्क नर भालू का शव बरामद किया गया, जबकि डॉग स्क्वाड की मदद से कुछ दूरी पर एक मादा भालू का शव भी मिला।

घटना की सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच प्रक्रिया शुरू की गई। दोनों शवों के सभी अवयव सुरक्षित पाए गए हैं, जिससे शिकार की आशंका से फिलहाल इनकार किया गया है। मौके पर पंचनामा तैयार कर मेटल डिटेक्टर से शवों की जांच की गई।
वाइल्डलाइफ हेल्थ ऑफिसर की मौजूदगी में दोनों भालुओं का पोस्टमार्टम किया गया और नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। वन विभाग के अनुसार, प्राथमिक जांच में दोनों भालुओं की मौत अन्य वन्यप्राणी से संघर्ष के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

उल्लेखनीय है कि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में पर्यटन के दौरान भालू अक्सर दिखाई देते हैं और यहां विभिन्न वन्यप्राणियों की मौजूदगी के चलते आपसी संघर्ष की घटनाएं भी सामने आती रही हैं।
Leave A Reviews