
पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बोरी रोड पर गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 55 वर्षीय एक व्यक्ति ने एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़कर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी नत्थू प्रजापति के रूप में हुई है। सुबह जब ग्रामीणों ने टावर पर शव लटका देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
परिजनों ने बताया कि नत्थू प्रजापति लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे, जिसके चलते वे तनाव में रहते थे और इसी वजह से उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
परिजनों के अनुसार, नत्थू प्रजापति रोज की तरह गुरुवार सुबह भी घर से शौच के लिए निकले थे। काफी देर तक वापस न आने पर जब उनकी खोजबीन शुरू की गई, तब टावर पर उनकी लाश मिलने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही शाहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को टावर से नीचे उतारा गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या मानसिक बीमारी ही आत्महत्या की एकमात्र वजह थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी छिपा है।
Leave A Reviews