
पन्ना जिले में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। गुनौर-अमानगंज मार्ग पर डहर्रा मोड़ के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो ममेरे भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान 19 वर्षीय धर्मेंद्र बंसकार और 13 वर्षीय कृष्ण वंशकार के रूप में हुई है। वे रात करीब 10 बजे महेबा से अपने गांव गड़ोखर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो की रफ्तार बहुत अधिक थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे को अंजाम देने के बाद ड्राइवर वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112 अमानगंज की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान हो सके।
इस दुखद घटना से गड़ोखर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। धर्मेंद्र मजदूरी करके अपने परिवार का सहारा बनता था, जबकि कृष्ण अभी पढ़ाई कर रहा था। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीणों ने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
Leave A Reviews