
सीधी जिले के केशलार गांव में शनिवार तड़के एक खौफनाक मंजर देखने को मिला। भुईमाड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत रात करीब 2 बजे एक तेंदुआ अचानक 62 वर्षीय बुजुर्ग चैनपति बैस के घर में घुस गया। तेंदुए ने सोते हुए बुजुर्ग पर सीधा हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घर के अन्य सदस्यों ने शोर मचाया और किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। हमले के बाद तेंदुआ उसी घर के भीतर दुबक गया, जिससे हड़कंप मच गया।
इस घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया और दहशत का माहौल बना रहा। तेंदुआ करीब 6 घंटे तक घर के अंदर ही मौजूद रहा। डर के मारे ग्रामीणों ने खुद को अपने घरों में कैद कर लिया और सुबह होने का इंतजार किया। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने स्थिति का जायजा लिया और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी। सुबह होने तक पूरे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
गंभीर रूप से घायल चैनपति बैस को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भुईमाड़ ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुशमी रेफर कर दिया है। वन विभाग के अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सुरक्षा का आश्वासन दिया है। साथ ही, ग्रामीणों को सचेत रहने की सलाह दी गई है। टीम तेंदुए को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने या रेस्क्यू करने की योजना पर काम कर रही है।
Leave A Reviews