
वॉशिंगटन डीसी। डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर चर्चा में हैं, इस बार वजह एक अनोखा प्रस्ताव है जिसमें अमेरिकी पासपोर्ट के विशेष संस्करण में उनकी तस्वीर शामिल किए जाने की तैयारी की जा रही है। अमेरिकी विदेश विभाग ने पुष्टि की है कि देश की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर एक लिमिटेड एडिशन पासपोर्ट जारी किया जाएगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस विशेष पासपोर्ट में दो डिजाइन होंगे। पहले डिजाइन में ट्रंप की आधिकारिक तस्वीर को डिक्लेरेशन ऑफ इंडिपेंडेंस के ऊपर दर्शाया जाएगा, जिसके नीचे उनका गोल्डन सिग्नेचर भी होगा। दूसरे डिजाइन में अमेरिका के फाउंडिंग फादर्स की ऐतिहासिक पेंटिंग को शामिल किया जाएगा।
विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने बताया कि यह पासपोर्ट सीमित संख्या में जारी किया जाएगा और केवल वॉशिंगटन डीसी में उपलब्ध होगा। यह तब तक वितरित किया जाएगा जब तक स्टॉक रहेगा, और इसके लिए अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि आवेदकों को इसे चुनने का विकल्प मिलेगा या नहीं।
विशेषज्ञों का मानना है कि लोकतांत्रिक देशों में मौजूदा या हालिया नेताओं की तस्वीर पासपोर्ट में शामिल करना बेहद दुर्लभ है। आमतौर पर पासपोर्ट में राष्ट्रीय प्रतीकों, ऐतिहासिक घटनाओं या महत्वपूर्ण स्थलों को दर्शाया जाता है, जैसे मौजूदा अमेरिकी पासपोर्ट में चंद्रमा पर उतरने की घटना और स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की छवियां शामिल हैं।
रिपोर्ट्स यह भी संकेत देती हैं कि ट्रंप के कार्यकाल के दौरान और उसके बाद भी सरकारी संस्थानों में उनके नाम और छवि को शामिल करने के कई प्रयास सामने आए हैं, जिनमें अमेरिकी मुद्रा पर हस्ताक्षर जोड़ने की चर्चा भी शामिल है।
Leave A Reviews