
सतना नगर निगम कार्यालय के बाहर पांच दिन से धरना-प्रदर्शन हो रहा है। धरने में शामिल लोगों का कहना है कि इस स्थल में सफाई, साफ पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। आरोप है कि मानवीय आवश्यकताओं की पूर्ति नगर निगम द्वारा नहीं की जा रही, जो न केवल अनुचित है बल्कि कानून कायदे के विपरीत भी है।
बताया गया कि भारतीय संविधान की अनुच्छेद 21 गरिमा पूर्ण जीवन जीने के अधिकार से संबंधित है जिसका यहां नगर निगम प्रशासन द्वारा उल्लंघन किया जा रहा है। जीवन जीने के अधिकार का यह अर्थ नहीं है कि पशुवत जीवन। बल्कि, मानवीय गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार हर नागरिक को है। यहां धरने में सर्व समाज के लोग शामिल हैं, इसमें महिला पुरुष दोनों की सहभागिता है, शौचालय की व्यवस्था का न होना महिलाओं की गरिमा, निजिता के लिहाज से उचित नहीं है। इसलिए इस संबंध में महापौर को पत्र दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि नगर के धवारी स्थित स्टेडियम को स्व.शंकर प्रसाद ताम्रकार का नाम दिए जाने के प्रस्ताव का विरोध निरंतर जारी है। इसी कड़ी में विगत 12 तारीख को नगर निगम कार्यालय में सर्व समाज द्वारा धरना-प्रदर्शन किया गया। तब से अब तक निगम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन अनवरत जारी है। हालांकि अब तक यह धरना-प्रदर्शन बेनतीजा है।
हासिल जानकारी के मुताबिक पांचवे दिन 16 नवंबर सोमवार को धरना स्थल पर राजदीप सिंह, शिवम सिंह हिलौंधा,सुमित सिंह बैरिहा, विशाल सिंह गहिरा, शशांक सिंह सोनौरा, सत्येंद्र सिंह कचनार, बृजेन्द्र त्रिवेदी, सुशील श्रीवास्तव, एडवोकेट राजललन सिंह, राजमणि तिवारी बड़खेरा, ज्ञानेंद्र सिंह उतैली, प्रदीप गौतम बड़खेरा, एडवोकेट योगेंद्र सिंह बाबूपुर, सुशील सिंह परिहार, राशिद खान, अमित सिंह परिहार छिबौरा, शुभम सिंह परिहार, पुष्पेंद्र सिंह चूंद, सूर्यबलि त्रिपाठी अबेर, बलजीत सिंह चौहान, राघवेन्द्र त्रिपाठी बिरसिंहपुर एवं विंध्य क्षत्रिय महासभा के सत्यपाल सिंह परिहार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
धरने में शामिल प्रमुख वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में न केवल स्टेडियम के नामकरण को लेकर अपनी मांग दोहराई बल्कि महापौर पर पद के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया। इनकी एक मात्र मांग है कि स्टेडियम को पूर्व मुख्य मंत्री स्व. कुँवर अर्जुन सिंह का नाम दिया जाए।
बताया गया कि पूर्व में इस विषय में ज्ञापन दिया गया था कि धवारी स्टेडियम का नाम कुँवर अर्जुन सिंह के नाम किया जाए लेकिन जन भावनाओं को महत्व दिए बगैर बीते दिनों नगर निगम परिषद की बैठक में विधायक प्रतिनिधि राजदीप सिंह एवं विपक्ष की कड़ी आपत्ति के बीच नामकरण के प्रस्ताव को पास कर दिया गया जबकि विपक्ष इस विषय में वोटिंग की मांग कर रहा था। आरोप है कि सदन में वोटिंग न कराना और जन भावनाओं के विपरीत निर्णय लेना स्पष्ट प्रदर्शित करता है कि यह तानाशाही है।
Leave A Reviews