
मोहाली/खरड़. पंजाब के मोहाली जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ खरड़ स्थित एक पॉश हाउसिंग सोसायटी 'वेस्टर्न टावर्स' में जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम छापेमारी करने पहुँची, तो पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने 9वीं मंजिल से नोटों से भरे दो बैग नीचे फेंक दिए। बैग नीचे गिरते ही फट गए और 500-500 के नोटों के बंडल पूरे परिसर में बिखर गए, जिसे देख वहाँ मौजूद लोग दंग रह गए।
जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम गुरुवार सुबह करीब 7 बजे चज्जूमाजरा स्थित वेस्टर्न टावर्स सोसायटी पहुँची। टीम ने यहाँ के फ्लैट नंबर 906 में दस्तक दी, जो आईटी कारोबारी नितिन गोयल से जुड़ा बताया जा रहा है। अधिकारियों ने जैसे ही तलाशी अभियान शुरू किया, फ्लैट के अंदर मौजूद लोगों ने बचने का एक अनोखा रास्ता निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक फ्लैट की बालकनी से दो बड़े बैग नीचे गिरे। जमीन से टकराते ही बैगों की चेन खुल गई और उनमें भरी भारी-भरकम नकदी बाहर निकल आई। देखते ही देखते सोसायटी परिसर में नोटों का ढेर लग गया। ईडी के अधिकारियों ने तुरंत नीचे पहुँचकर पूरी नकदी को अपने कब्जे में लिया।
सूत्रों के मुताबिक, इन बैगों से करीब 21 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई है। ईडी अधिकारियों ने फ्लैट के अंदर घंटों तक दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की। हालांकि, अभी तक इस बरामदगी को लेकर ईडी की ओर से कोई आधिकारिक प्रेस नोट जारी नहीं किया गया है, लेकिन अधिकारियों ने सारा कैश जब्त कर लिया है और नोटों की गिनती के लिए मशीनें भी मंगवाई गई थीं।
यह छापेमारी केवल एक स्थान तक सीमित नहीं थी। बताया जा रहा है कि ईडी ने 'सनटेक सिटी' प्रोजेक्ट में हुए कथित करोड़ों के घोटाले के सिलसिले में मोहाली और चंडीगढ़ में कुल 12 ठिकानों पर दबिश दी है।
जांच के घेरे में एबीएस टाउनशिप, ऑल्टस बिल्डर्स और धीर कंस्ट्रक्शन्स जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इन बिल्डर्स पर आरोप है कि उन्होंने जनता को लुभावने सपने दिखाकर उनके साथ धोखाधड़ी की और प्रोजेक्ट के लिए मिले लाइसेंस का गलत इस्तेमाल किया। यह पूरी कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत की जा रही है।
सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई और आसमान से गिरते नोटों को देखकर वेस्टर्न टावर्स के निवासियों में दहशत और कौतूहल का माहौल रहा। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने सोसायटी के प्रवेश द्वार को सील कर दिया था। फिलहाल ईडी की टीम दस्तावेजों को खंगाल रही है और इस मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
Leave A Reviews