
जबलपुर। भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम की सहायक कोच एवं टीम मैनेजर सुश्री रैना यादव को अंतरराष्ट्रीय पटल पर भारतीय हॉकी में दिए गए ऐतिहासिक योगदान के लिए पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह ने सम्मानित किया। सुश्री रैना यादव पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर मंडल में कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक ने उनकी खेल प्रतिभा, समर्पण और उत्कृष्ट उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
सुश्री रैना यादव के अंतरराष्ट्रीय खेल अनुभव में वर्ष 2026 के एशियन गेम्स (जापान) में भारतीय महिला हॉकी टीम द्वारा स्वर्ण पदक जीतना सबसे प्रमुख उपलब्धि है। भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद एशियन गेम्स में यह पहला स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इसके अतिरिक्त, उनके मार्गदर्शन में न्यूजीलैंड में आयोजित FIH नेशंस कप-2026 में भी भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं नीदरलैंड में आयोजित FIH महिला हॉकी विश्व कप-2026 में भारतीय टीम पांचवें स्थान पर रही, जो पिछले 52 वर्षों के इतिहास में टीम का सर्वश्रेष्ठ विश्व कप प्रदर्शन है।
सुश्री यादव ने मई 2026 में ऑस्ट्रेलिया तथा जुलाई 2026 में जर्मनी के दौरों के दौरान भी भारतीय टीम के कोचिंग स्टाफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। इससे पूर्व, वर्ष 2019 में भुवनेश्वर में आयोजित टोक्यो ओलंपिक क्वालीफायर में भी वह भारतीय टीम से जुड़ी रही थीं, जिसके जरिए भारतीय महिला टीम ने टोक्यो ओलंपिक के लिए ऐतिहासिक क्वालीफिकेशन हासिल किया था।

कोचिंग के क्षेत्र में सुश्री रैना यादव ने नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान (NSNIS), पटियाला से स्पोर्ट्स कोचिंग में ग्रेड-ए के साथ डिप्लोमा प्राप्त किया है। इसके साथ ही उनके पास अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) का प्रतिष्ठित लेवल-3 कोचिंग प्रमाणपत्र और हॉकी इंडिया द्वारा संचालित पाठ्यक्रमों की तकनीकी योग्यता भी है। राष्ट्रीय स्तर पर भी उनके मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश महिला हॉकी टीम ने 2022 राष्ट्रीय खेलों में कांस्य, 2023 राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण तथा 2022 की जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया था।
सम्मान समारोह के अवसर पर पश्चिम मध्य रेल के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक श्री नीरज कुमार, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री अरविंद कुमार रजक, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक श्री राजेश कुमार मंडल, प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी एवं पमरे खेलकूद संघ के अध्यक्ष श्री मनोज गुरुमुखी, सचिव महाप्रबंधक श्री जे.पी. सिंह तथा मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मधुर वर्मा उपस्थित रहे और उन्होंने सुश्री यादव को बधाई दी। रेलवे प्रशासन ने कहा कि यह सम्मान रेल कर्मचारियों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम है।
Leave A Reviews