Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

सिंगरौली में 3 नाबालिगों को बंधक बनाकर पीटा आधा सिर मुंडवाने के आरोप, SP ने दिए जांच के निर्देश


सिंगरौली जिले अंतर्गत बरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम बाघाडीह में तीन नाबालिग बच्चों को बंधक बनाकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट करने और आधा सिर मुंडवाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित परिजनों ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने बच्चों को जबरन अगवा कर बंधक बनाया, लाठी-डंडों से पीटा और अपमानित करने की नीयत से उनके आधे सिर के बाल काट दिए। इस खौफनाक घटना के बाद से मासूम बच्चे गहरे सदमे में हैं और डर के कारण उन्होंने स्कूल जाना तक बंद कर दिया है। पीड़ित परिवारों द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाए जाने के बाद एसपी ने मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं।

चार लोगों पर बंधक बनाने और जातिसूचक गालियां देने की शिकायत

परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के अनुसार, यह घटना 1 अक्टूबर की है। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही गोविंद सिंह, बलराम सिंह, इंद्रभान सिंह और हरिनारायण बैस तीनों नाबालिग बच्चों को जबरन अपने साथ उठाकर ले गए थे। आरोप है कि चारों आरोपियों ने बच्चों को एक स्थान पर बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा, जातिसूचक अपशब्द कहकर अपमानित किया और घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित परिवारों का कहना है कि बच्चों के साथ किया गया यह अमानवीय कृत्य सामाजिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाला है।

बरगवां थाने पर सुनवाई न करने का आरोप, अजाक व एसपी दफ्तर पहुंचे परिजन

पीड़ित परिवारों ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि घटना के तुरंत बाद वे शिकायत दर्ज कराने बरगवां थाने पहुंचे थे, लेकिन वहां उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई और मामले को दबाने का प्रयास किया गया। स्थानीय स्तर पर न्याय न मिलने से हताश परिजन बच्चों को लेकर सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय और अजाक (अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण) थाने पहुंचे। परिजनों ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने आपबीती सुनाते हुए बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।

जांच में पुष्टि होने पर होगी कठोर वैधानिक कार्रवाई: एसपी शियाज केएम

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शियाज केएम ने बरगवां थाना प्रभारी को पूरे प्रकरण की सूक्ष्मता से जांच करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। एसपी के अनुसार, पूर्व में ग्रामीणों द्वारा बच्चों पर चोरी के आरोप लगाकर उन्हें पुलिस के सुपुर्द किया गया था और बच्चे नाबालिग होने के कारण उस समय दोनों पक्षों में समझाइश के बाद समझौता कराया गया था। हालांकि, अब परिजनों ने बंधक बनाकर पीटने, सिर मुंडवाने और अमानवीय व्यवहार की गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। एसपी ने स्पष्ट किया कि जांच में यदि बच्चों के साथ मारपीट और सिर मुंडवाने के आरोपों की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ किसी भी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी और सुसंगत धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Date & Time : 2026-10-12 14:01:56

Share:

Leave A Reviews

Related News