
रामनगर. थाना रामनगर पुलिस द्वारा ब्लॉक के दो गांवों में जनजागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को नशे, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया.
हटवा में एसडीओपी ने दी जानकारी
ग्राम पंचायत हटवा में एसडीओपी अमरपाटन ख्याति मिश्रा एवं थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी के नेतृत्व में जनचौपाल आयोजित की गई. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन, महिलाएं, युवा और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे.
पुलिस ने ग्रामीणों को नशे के विरुद्ध अभियान के तहत मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया. साथ ही साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक और ओटीपी शेयर करने के खतरों की जानकारी देते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में बताया गया.

महिला अपराधों की रोकथाम, महिलाओं के कानूनी अधिकारों, यातायात नियमों के पालन, हेलमेट-सीट बेल्ट के उपयोग पर भी विस्तार से चर्चा की गई.
जटहा टोला में नशे के खिलाफ समझाइश
वहीं रामनगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत जटहा टोला में मर्यादपुर चौकी प्रभारी कुलदीप पटेल के नेतृत्व में जनचौपाल आयोजित की गई. चौकी प्रभारी ने ग्रामीणों कोरेx, गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया और नशे से दूरी बनाने की अपील की.
कार्यक्रम में महिला अपराध, साइबर ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई.
पुलिस की अपील
दोनों कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध कारोबार, साइबर ठगी या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें. पुलिस ने कहा कि जनभागीदारी से ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है.
Leave A Reviews