
मैहर। रामनगर स्थित वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय की पुरानी बाउंड्री वॉल लगातार हो रही बरसात के चलते भरभरा कर गिर गई। जिससे पूरा कार्यालय परिसर असुरक्षित हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्यालय की बाउंड्री वॉल काफी पुरानी और जर्जर हालत में थी। दीवारों पर काई लगी हुई थी और कई जगह से दरारें आ गई थीं। पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश से नींव में पानी भर गया और दीवार अचानक गिर गई। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि ईंट, सीमेंट और मलबा पूरी गली में बिखरा पड़ा है।
बाउंड्री वॉल गिरने से अब कार्यालय खुला हो गया है। परिसर के अंदर झाड़ियां उगी हुई हैं, आवारा पशुओं का आना-जाना लगा रहता है। कार्यालय में रखे शासकीय दस्तावेज और सामान की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय किसानों और नागरिकों का कहना है कि विभाग द्वारा लंबे समय से भवन की मरम्मत और देखरेख नहीं कराई गई। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, नहीं तो जनहानि भी हो सकती थी।
किसानों ने जिला प्रशासन और कृषि विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि तत्काल मौके का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल का पुनर्निर्माण कराया जाए और कार्यालय को सुरक्षित किया जाए।
Leave A Reviews