
मैहर जिले के रामनगर परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम कर्रा में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। यहाँ ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती शकुंतला कालिका प्रसाद पटेल के नेतृत्व में श्री शिव मंदिर की वार्षिक वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित गोस्वामी तुलसीदास कृत श्री रामचरितमानस पाठ का हवन-पूजन और विशाल भंडारे के साथ भव्य विश्राम हुआ। 1 मई 2026 से शुरू हुए इस दो दिवसीय संगीतमयी आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया।

इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्रीय भजन मंडलियों और गायकों ने अपनी सुरमयी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। ढोलक, मजीरे और हारमोनियम की थाप पर रामचरितमानस की चौपाइयों का गायन आकर्षण का केंद्र रहा। इस पुनीत आयोजन की परंपरा सांसद प्रतिनिधि कालिका प्रसाद पटेल द्वारा हर वर्ष निभाई जाती है, जिसमें न केवल स्थानीय ग्रामीण बल्कि जनपद और नगर पंचायत रामनगर से भी बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं।
आयोजन की गरिमा बढ़ाने के लिए सतना सांसद गणेश सिंह भी ग्राम कर्रा पहुँचे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों का उत्साहवर्धन किया और भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इस कार्यक्रम की सबसे खास बात इसकी समावेशी भावना रही, जहाँ समाज के सभी वर्गों, जातियों और धर्मों के लोगों ने एक साथ मिलकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम का समापन विशाल भंडारे के साथ हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ उठाया।
Leave A Reviews