Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

सागर: मणप्पुरम फाइनेंस से 18.50 लाख की ठगी, फर्जी बैंक स्लिप दिखाकर युवक ने चूना लगाया

सागर. सागर जिले के गोपालगंज थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक शातिर युवक ने मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी को 'लोन ट्रांसफर' कराने का झांसा देकर 18 लाख 50 हजार रुपए की चपत लगा दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

लोन ट्रांसफर के नाम पर बिछाया जाल

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी घनश्याम रैकवार (निवासी ग्राम समन्ना, दमोह) ने 23 मार्च को मणप्पुरम गोल्ड लोन की गोपालगंज शाखा में संपर्क किया। उसने असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर को बताया कि उसका 'ईएसएएफ स्मॉल फाइनेंस बैंक' (ESAF) में गोल्ड लोन चल रहा है, जहाँ ब्याज दरें बहुत अधिक हैं। उसने अपना लोन मणप्पुरम फाइनेंस में स्थानांतरित (transfer) करने की इच्छा जताई और बताया कि उसका कुल लोन 18 लाख रुपए और ब्याज 50 हजार रुपए है।

फर्जी दस्तावेजों से जीता भरोसा

24 मार्च को दोपहर करीब 1 बजे आरोपी ब्रांच पहुँचा और ईएसएएफ बैंक की चेकबुक, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज पेश किए। कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद, मणप्पुरम फाइनेंस ने नियमानुसार 18 लाख 50 हजार रुपए की राशि उसके खाते में ट्रांसफर कर दी। राशि प्राप्त होते ही आरोपी यह कहकर वहां से निकला कि वह ईएसएएफ बैंक जाकर अपना खाता बंद करवा रहा है और वहां से गोल्ड लाकर यहाँ जमा कर देगा, लेकिन वह वापस नहीं लौटा।

बैंक स्लिप निकली फर्जी, आरोपी फरार

धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब मणप्पुरम के ब्रांच हेड ने ईएसएएफ बैंक जाकर दस्तावेजों की पुष्टि की। वहां के मैनेजर ने बताया कि युवक द्वारा दी गई बैंक स्लिप पूरी तरह फर्जी है और उस नाम का कोई लोन बैंक में दर्ज ही नहीं है। ठगी का अहसास होते ही कंपनी ने आरोपी के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया।

पुलिस की कार्रवाई

फरियादी सतीश कुमार यादव की शिकायत पर गोपालगंज थाना पुलिस ने आरोपी घनश्याम रैकवार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी द्वारा दिए गए पते और बैंक विवरण के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share:

Leave A Reviews

Related News