
सागर जिले के सुप्रसिद्ध रानगिर देवी धाम परिसर स्थित बूढ़ी रानगिर माता मंदिर में मंगलवार रात एक संदिग्ध विस्फोट ने सनसनी फैला दी। मंदिर परिसर में रखे एक लावारिस स्पीकर नुमा बक्से में अचानक हुए जोरदार धमाके की चपेट में आने से एक 11 वर्षीय बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसके माता-पिता को भी चोटें आई हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए घायल बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है।
घटना के संबंध में घायल प्रसाद दुकान संचालक राधेश्याम रैकवार ने बताया कि वह बूढ़ी रानगिर में प्रसाद की दुकान लगाता है। मंगलवार दोपहर कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी दुकान के पास एक डिब्बे जैसा बक्सा (जो देखने में स्पीकर जैसा था) छोड़ गया था। राधेश्याम ने सोचा कि शायद किसी श्रद्धालु का सामान छूट गया होगा और वह वापस लेने आएगा। लेकिन देर शाम तक जब कोई नहीं आया, तो दुकान बंद करते समय उसने उस बक्से को उठाकर सुरक्षित बाजू में रख दिया।
धमाका उस वक्त हुआ जब राधेश्याम अपनी पत्नी आशोकरानी और 11 वर्षीय बेटी संजना रैकवार के साथ खाना खाकर आराम कर रहे थे। राधेश्याम के अनुसार, "बेटी संजना पास ही बैठकर मोबाइल चला रही थी, तभी अचानक उस बक्से में कान फोड़ देने वाला धमाका हुआ।" इस ब्लास्ट में संजना के हाथ, पैर, सीने और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के लोग भी सहम गए।
बुधवार को घटना की जानकारी सार्वजनिक होते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। एसपी विकास शाहवाल और एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा भारी पुलिस बल और बम निरोधक दस्ते (BDS) के साथ मौके पर पहुँचे। टीम ने घटनास्थल को सील कर दिया है और वहां से साक्ष्य (Evidences) जुटाए जा रहे हैं। एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि विस्फोट किसी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या मोबाइल कनेक्शन के दौरान ट्रिगर हुआ है।
पुलिस अब मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि उस अज्ञात व्यक्ति की पहचान की जा सके जो वह बक्सा वहां छोड़कर गया था। एफएसएल (FSL) की टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बक्से के अंदर किस तरह का विस्फोटक इस्तेमाल किया गया था। इस घटना के बाद रानगिर देवी धाम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह कोई सोची-समझी साजिश थी या महज एक तकनीकी दुर्घटना।
Leave A Reviews