
सतना जिले के विकासखण्ड सोहावल की ग्राम पंचायत रामपुर चौरासी की सुनीता चौधरी ने स्व-सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया है। वर्ष 2019 में गठित सीता स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद सुनीता ने बैंक सखी के रूप में जिम्मेदारी संभाली और ग्रामीण महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
सुनीता चौधरी वर्तमान में समूह में बैंक सखी के पद पर कार्य कर रही हैं। बैंक सखी के रूप में वे ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं की जानकारी देने, बैंक से संबंधित कार्यों में सहयोग करने तथा जरूरतमंद लोगों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने का कार्य करती हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को छोटी-छोटी बैंकिंग जरूरतों के लिए दूर बैंक शाखाओं तक जाने की परेशानी कम हुई है।
समूह से जुड़ने के बाद सुनीता को न केवल आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिला, बल्कि उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि हुई। बैंक सखी के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने अपने लिए आय का एक स्थायी साधन विकसित किया है। वर्तमान में सुनीता की वार्षिक आय लगभग 1 लाख रुपये है। सुनीता बताती हैं कि स्व-सहायता समूह ने उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया।
समूह के माध्यम से मिली जिम्मेदारी और बैंक सखी के रूप में कार्य करने से वे आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं। अब वे अपने परिवार की आर्थिक जरूरतों में योगदान देने के साथ-साथ गांव के अन्य लोगों को भी बैंकिंग सुविधाओं का लाभ दिलाने में सहयोग कर रही हैं।
Leave A Reviews