Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

सतना में बुजुर्ग की हत्या, धर्मशाला में गद्दे में लिपटा मिला शव, लूट की आशंका


सतना जिला मुख्यालय स्थित सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक धर्मशाला के बंद कमरे में चारपाई पर 70 वर्षीय बुजुर्ग बिहारी पाठक का शव गद्दे में लिपटा हुआ पाया गया। कमरे से अत्यधिक दुर्गंध आने पर स्थानीय निवासी अंबरीश पांडे ने पुलिस को सूचित किया।

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची और ताला तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। कमरे के भीतर चारपाई पर गद्दे में बंधा हुआ शव देखकर पुलिस और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक चिकित्सीय व भौतिक परीक्षण के आधार पर पुलिस गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जता रही है।

तीन दिन पुराना माना जा रहा है शव, खाली पर्स मिलने से लूट की आशंका

मृतक की पहचान 70 वर्षीय बिहारी पाठक के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नागौद क्षेत्र के ग्राम हिलौंधा के निवासी थे। वे लंबे समय से अपनी पत्नी देवकली पांडे के साथ इसी धर्मशाला में रहकर भीख मांगकर जीवन यापन कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि लगभग आठ दिन पूर्व उनकी पत्नी की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद रिश्तेदार व परिजन अस्थि विसर्जन एवं अंतिम संस्कार के लिए प्रयागराज गए हुए थे।

पुलिस का अनुमान है कि वारदात करीब तीन दिन पहले अंजाम दी गई होगी। हत्या के बाद शव को गद्दे में लपेटकर कमरे को बाहर से बंद कर दिया गया था। कमरे में तलाशी के दौरान चारपाई के नीचे खाली पर्स भी बरामद हुए हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि बुजुर्ग के पास जमा भिक्षाटन की राशि लूटने के इरादे से वारदात की गई हो सकती है।

फॉरेंसिक जांच जारी, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी स्थिति

पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमॉर्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों और समय की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और धर्मशाला में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।

Date & Time : 2026-10-17 14:10:02

Share:

Leave A Reviews

Related News