
सतना जिले अंतर्गत शिवराजपुर अंचल में लगातार हो रही नकबजनी और चोरी की वारदातों ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। घरों, दुकानों के साथ-साथ अब चोर खुलेआम धार्मिक स्थलों को निशाना बना रहे हैं। पुराने मामलों का खुलासा न होने और लगातार बढ़ती वारदातों से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) सतना को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने शिवराजपुर में चोरी की घटनाएं रोकने, पुराने मामलों का पर्दाफाश करने और क्षेत्र में नई पुलिस चौकी या थाना स्थापित करने की पुरजोर मांग की है।
ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया कि शिवराजपुर क्षेत्र वर्तमान में सिंहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जिसकी दूरी यहां से करीब 20 किलोमीटर है। दूरी अधिक होने के कारण किसी भी आपात स्थिति या अपराध घटित होने पर पुलिस को मौके पर पहुंचने में घंटों लग जाते हैं। इसका सीधा फायदा उठाकर अपराधी आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए ग्रामीणों ने शिवराजपुर में स्थाई पुलिस थाना अथवा पुलिस चौकी खोलने और रात के समय ग्रामीण इलाकों में नियमित पुलिस गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाने की मांग रखी।
ज्ञापन में धार्मिक स्थलों पर हुई बड़ी चोरियों का विशेष उल्लेख किया गया:
गाजीपुर देवी मंदिर में बड़ी चोरी: ग्रामीणों के अनुसार जून माह में गाजीपुर स्थित प्राचीन देवी मंदिर में चोरों ने धावा बोलकर लगभग 20 किलोग्राम चांदी के आभूषण और छत्र पार कर दिए थे, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं लगा है।
दहलान धाम हनुमान मंदिर को बनाया निशाना: शिवराजपुर स्थित प्रसिद्ध दहलान धाम के हनुमान मंदिर में भी चोरों ने दान पेटी का ताला तोड़कर नकदी और मंदिर में लगी चांदी पर हाथ साफ कर दिया।
धार्मिक आस्था के केंद्रों पर लगातार हो रहे हमलों से श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है।
गोविंद गर्ग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द नहीं हुई, तो ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना और अधिक बढ़ेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जानकी वरशरण जू महाराज, सुभाष शर्मा डोली, राजनारायण तिवारी राजा, राजेश दुबे, राजदीप सिंह मोनू, गोविंदा गर्ग, गुड्डा शर्मा, रामबाबू त्रिपाठी, कृष्ण गर्ग, दिवाकर परौहा, जगन द्विवेदी, प्रताप द्विवेदी, अवनीश शर्मा, श्याम जी शर्मा, मोहित उरमालिया, प्रदीप मिश्रा, विकास सोनी, डॉ. लक्ष्मीकांत शर्मा, कमल शर्मा, नागेंद्र मिश्रा, हित्तू आदिवासी, सरपंच रामप्रसाद पांडे, भइयन पांडे, निखिल त्रिपाठी, साहिल मिश्रा, शिवाकांत त्रिपाठी, कल्लू त्रिपाठी, विकास पयासी, अजय पाण्डेय, किशोर कुमार पांडे और खुल्ले मिश्रा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
Leave A Reviews