Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

बैतूल में स्कूल वैन हादसा: 7 वर्षीय छात्रा की मौत, 11 बच्चे घायल, फरार जीप चालक की तलाश जारी

बैतूल जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 7 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई और 11 अन्य स्कूली बच्चे घायल हो गए। हादसा भैंसदेही–गुदगांव मार्ग पर गैस गोदाम के पास उस समय हुआ, जब निजी स्कूल की वैन को सामने से आ रही जीप ने जोरदार टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, गुड़गांव स्थित विद्या संस्कार पीठ (वेदिका पीठ) स्कूल की वैन में कुल 15 बच्चे सवार थे। वैन को क्रमांक एमपी 06 पी 0902 की जीप ने टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन अनियंत्रित होकर पूर्णा नदी के पास पलट गई।

हादसे में कक्षा पहली की छात्रा हर्षिता पाटणकर (7), निवासी ग्राम हनुमानढाना, मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय हर्षिता वैन चालक सोनू पाटणकर के पास वाली सीट पर बैठी थी। 11 अन्य बच्चे घायल हुए, जिनमें से पांच की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के समय वैन चालक स्टीयरिंग में फंस गया था, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को भैंसदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर बच्चों और चालक को जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया।

हादसे के बाद जीप भी सड़क किनारे पलट गई। जीप में सवार दो लोग मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

भैंसदेही एसडीओपी भूपेंद्र सिंह मौर्य ने बताया कि जीप चालक और उसके साथी की तलाश जारी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है, और अभिभावकों में गहरी चिंता और गुस्सा देखा जा रहा है।

Share:

Leave A Reviews

Related News