Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

छतरपुर में 'सांसद प्रतिनिधि' लिखी स्कॉर्पियो ने टैक्सी को मारी टक्कर, एक की मौत, दो गंभीर, नाबालिग द्वारा वाहन चलाने का आरोप


छतरपुर। जिले के ओरछा रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत फोरलेन सड़क पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा घटित हुआ। एक तेज रफ्तार काले रंग की स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़े टैक्सी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि दुर्घटनाकारित स्कॉर्पियो पर "सांसद प्रतिनिधि" की नेम प्लेट लगी हुई है और प्रत्यक्षदर्शियों ने वाहन को एक नाबालिग द्वारा चलाए जाने का गंभीर आरोप लगाया है।

खड़ी गाड़ी को मारी टक्कर, खाई में जा गिरा वाहन

जानकारी के अनुसार, ग्राम कैंडी से बकरियां लादकर एक टैक्सी वाहन महोबा की ओर जा रहा था। इस वाहन में मोहम्मद सलमान, मोहम्मद शाहबाज, सूबे खटीक और दद्दू खटीक सवार थे। रास्ते में चालक सलमान ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (क्रमांक MP 16 ZE 4411) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बकरियों से लदा वाहन सड़क किनारे खाई में जा गिरा। इस हादसे में शाहबाज अली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सूबे और दद्दू खटीक गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही दो बकरियों की भी मौत हुई है।

नाबालिग पर वाहन चलाने का आरोप, आरोपी फरार

मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और टैक्सी चालक सलमान का आरोप है कि स्कॉर्पियो को एक नाबालिग लड़का चला रहा था, जो कांटी गांव निवासी प्रताप सिंह का पुत्र बताया जा रहा है। सलमान ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद वह अपने साथियों को बचाने में जुट गया, इसी का फायदा उठाकर स्कॉर्पियो में सवार लोग दूसरी गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो गए। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या वाकई स्टीयरिंग किसी नाबालिग के हाथ में थी।

'सांसद प्रतिनिधि' की प्लेट पर उठे सवाल

हादसे के बाद सबसे बड़ा विवाद स्कॉर्पियो पर लगी "सांसद प्रतिनिधि" की नेम प्लेट को लेकर खड़ा हो गया है। सूत्रों का कहना है कि क्षेत्रीय सांसद और केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार का वर्तमान में कोई आधिकारिक सांसद प्रतिनिधि नियुक्त नहीं है। ऐसे में निजी वाहन पर इस पद की तख्ती लगाकर घूमना न केवल रसूख के प्रदर्शन को दर्शाता है, बल्कि सुरक्षा और नियमों के उल्लंघन पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

घटना की सूचना मिलते ही ओरछा रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। एसआई दीपक यादव ने बताया कि स्कॉर्पियो पर सांसद प्रतिनिधि लिखा हुआ है, जिसे कब्जे में लिया गया है। उन्होंने कहा, "वाहन किसके नाम पर पंजीकृत है और हादसे के वक्त इसे कौन चला रहा था, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। फरार ड्राइवर और अन्य सवारों की तलाश जारी है।" फिलहाल घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

Share:

Leave A Reviews

Related News