Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

पश्चिम एशिया तनाव के बीच सुरक्षित तेल आपूर्ति और 11.61 लाख भारतीयों की घर वापसी

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद भारत के लिए ऊर्जा आपूर्ति और नागरिकों की सुरक्षा के मोर्चे पर राहत भरी खबरें सामने आ रही हैं। रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलमार्ग से अब तक 9 एलपीजी पोत और 1 कच्चे तेल का टैंकर सुरक्षित रूप से भारत पहुंच चुका है। विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव असीम महाजन ने अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में जानकारी दी कि सरकार खाड़ी क्षेत्र में रह रहे लगभग 1 करोड़ प्रवासी भारतीयों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी कड़ी में 28 फरवरी से अब तक 11.61 लाख से अधिक भारतीय स्वदेश लौट चुके हैं, जिसमें इराक में फंसे वे 12 नाविक भी शामिल हैं जो सोमवार रात मुंबई पहुंचे।

इराक का हवाई क्षेत्र दोबारा खुलने के बाद बगदाद स्थित भारतीय दूतावास के सहयोग से नाविकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सकी। असीम महाजन ने बताया कि वर्तमान में ईरान का हवाई क्षेत्र कार्गो और चार्टर्ड उड़ानों के लिए आंशिक रूप से खुला है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास उन भारतीयों की सहायता कर रहा है जो आर्मेनिया और अज़रबैजान के वैकल्पिक रास्तों से स्वदेश लौटना चाहते हैं। सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में प्रवासियों को त्वरित सहायता पहुंचाई जा सके।

उधर, घरेलू मोर्चे पर पशुपालन और डेयरी विभाग ने स्पष्ट किया है कि पश्चिम एशिया संकट का असर देश में दूध की आपूर्ति और कीमतों पर नहीं पड़ेगा। विभाग की निदेशक पूजा रुस्तगी ने बताया कि डेयरी सेक्टर के लिए जरूरी ईंधन, गैस और प्लास्टिक पैकेजिंग सामग्री (पॉलीप्रोपिलीन और पॉलीस्टाइरीन) की सप्लाई निर्बाध बनी हुई है। डेयरी किसानों को समय पर भुगतान किया जा रहा है और प्रसंस्करण इकाइयों में कार्य सामान्य रूप से चल रहा है। इसके अतिरिक्त, निर्यातित माल की वापसी को सुगम बनाने के लिए सरकार ने 25 मार्च 2026 को एक सरल पशु ‘क्वारंटीन’ प्रक्रिया भी अधिसूचित की है, जिससे अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक बाधाओं को कम किया जा सके।

Share:

Leave A Reviews

Related News