
शहडोल. कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर-मालाचुआ मार्ग पर सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरा एक मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा गिरा। हादसे में वाहन में सवार दस ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पांच अन्य को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, अनूपपुर जिले के अंतिम छोर के ग्राम पड़मनिया खुर्द और ग्राम कुंई से ग्रामीणों को मजदूरी के लिए शहर लाया जा रहा था। सुबह करीब 10 बजे शाहपुर और मालाचुआ के बीच अचानक मालवाहक वाहन का स्टेरिंग जाम हो गया, जिससे तेज रफ्तार वाहन संतुलन खो बैठा और सीधे नाले में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला चिकित्सालय शहडोल पहुंचाया गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल होने वालों में अगरिया बैगा (18), राजकली बैगा (18), दिल्ला बाई सिंह (48), अंगूर बाई सिंह (35), प्यारा बाई यादव (36), शांति बाई सिंह (35), रामेश सिंह (42), चमेली सिंह (15), कलावती सिंह (22) और अनीता सिंह (20) शामिल हैं। वहीं भुंगिया बाई, द्रोपति बाई, सुनीता सिंह, सविता बाई सहित कुछ अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने जिले में यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नियमों के विपरीत मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोई जा रही हैं, लेकिन यातायात विभाग द्वारा इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
हाल ही में यातायात विभाग द्वारा हेलमेट वितरण और जागरूकता अभियान चलाए जाने के दावे किए गए थे, लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट नजर आ रही है। सड़कों पर अब भी बड़ी संख्या में लोग बिना हेलमेट वाहन चलाते दिखाई दे रहे हैं।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच यातायात टीआई को निलंबित करने की मांग भी तेज हो गई है। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अनुपम गौतम ने हाल ही में यातायात टीआई संजय जायसवाल को निलंबित करने की मांग उठाई थी। उनका कहना है कि जिले की यातायात व्यवस्था बदहाल है और लापरवाही के चलते लोगों की जान जा रही है।

Leave A Reviews