
शहडोल जिले अंतर्गत ब्यौहारी कस्बे में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) की भूमिगत केबल सुधारने के लिए खोदे गए करीब दो मीटर गहरे गड्ढे में काम करते समय पास की नाली की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। मलबे के नीचे दबने से एक मजदूर की दम घुटने से मौत हो गई। घटना के विरोध में बुधवार को गुस्साए परिजनों ने रीवा स्थित BSNL कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन कर न्याय और मुआवजे की मांग की।
मृतक की पहचान रीवा जिले के निवासी रामसेवक सोंधिया के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, BSNL के कर्मचारी व ठेकेदार रामसेवक को लाइन मरम्मत कार्य के लिए रीवा से ब्यौहारी लेकर आए थे। मंगलवार रात अस्पताल के ठीक सामने केबल लाइन में आई तकनीकी खराबी को ठीक करने का काम चल रहा था।
सड़क किनारे करीब दो मीटर गहरा गड्ढा खोदा गया था, जिसमें उतरकर रामसेवक केबल की मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान पास में स्थित पक्की नाली की दीवार अचानक ढह गई और भारी मलबा सीधे गड्ढे में जा गिरा। रामसेवक मलबे के नीचे बुरी तरह दब गया।
हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों और अन्य कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर मलबे को हटाकर रामसेवक को बाहर निकाला और तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार सुबह परिजन और स्थानीय लोग रीवा स्थित BSNL कार्यालय पहुंचे और मुख्य द्वार के सामने बैठकर करीब 45 मिनट तक विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि बिना किसी पुख्ता सुरक्षा उपकरण के रात के समय मजदूर को गहरे गड्ढे में उतारा गया, जो सीधे तौर पर लापरवाही का मामला है। परिजनों ने दोषी अधिकारियों और ठेकेदार पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने तथा उचित मुआवजे की मांग की है।
घटना के संबंध में ब्यौहारी थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व कार्यस्थल के निरीक्षण के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Leave A Reviews