
शहडोल। जिले की सोहागपुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार दोपहर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने कोटमा तिराहे के पास स्थित एक दुकान पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। आरोपी अपनी किराना दुकान और मोटरसाइकिल रिपेयरिंग सेंटर की आड़ में लंबे समय से शराब की अवैध बिक्री कर रहा था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश सोहागपुर पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि ग्राम कोटमा (पपोल टोला) निवासी श्याम किशोर चौरसिया हाईवे पर पपोल तालाब के सामने अपनी दुकान में अवैध शराब का भंडारण किए हुए है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से गवाहों की मौजूदगी में दुकान पर अचानक दबिश दी।
भारी मात्रा में बीयर और व्हिस्की बरामद दुकान की तलाशी लेने पर पुलिस की टीम दंग रह गई। आरोपी ने दुकान के भीतर अलग-अलग ब्रांड की बीयर की केन, व्हिस्की की बोतलें और भारी मात्रा में क्वार्टर छिपाकर रखे थे। पुलिस ने मौके से कुल 100 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 50,000 रुपये बताई जा रही है।
आरोपी गिरफ्तार, कानूनी कार्रवाई जारी कार्रवाई के दौरान जब पुलिस ने आरोपी से शराब के भंडारण और विक्रय से संबंधित वैध दस्तावेज या लाइसेंस की मांग की, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर शराब और दुकान को सील कर दिया है। आरोपी श्याम किशोर चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है कि वह इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहाँ से लाया था और इसके पीछे कौन सा गिरोह काम कर रहा है।
Leave A Reviews