Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

शहडोल में घर लौट रहे ग्रामीण पर भालू का हमला, मेडिकल कॉलेज रेफर, इलाके में दहशत


शहडोल जिले अंतर्गत जैतपुर वन परिक्षेत्र के अमहा गांव में बुधवार रात वन्यजीव के हमले की गंभीर घटना सामने आई है। अपने नए मकान से पुराने घर लौट रहे 45 वर्षीय ग्रामीण कुंवर सिंह गोंड पर अचानक एक जंगली भालू ने हमला कर दिया।

भालू के इस जानलेवा हमले में कुंवर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत जैतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बिरसा मुंडा शासकीय मेडिकल कॉलेज, शहडोल रेफर कर दिया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार घायल की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

रात 10 बजे रास्ते में घात लगाकर बैठे भालू ने किया हमला

परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कुंवर सिंह बुधवार शाम गांव में ही बने अपने नए मकान पर गए हुए थे। रात करीब 10:00 बजे जब वे वहां से पैदल अपने घर लौट रहे थे, तभी घने अंधेरे में रास्ते के किनारे मौजूद भालू ने उन पर झपट्टा मार दिया।

जब काफी देर रात तक कुंवर सिंह घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। परिजन टॉर्च लेकर रास्ते की ओर तलाश में निकले, जहां वे खून से लथपथ और गंभीर हालत में सड़क किनारे पड़े मिले। परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस और वन विभाग को सूचित करते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

रेंजर पहुंचे अस्पताल, हरसंभव सहायता का दिया भरोसा

घटना की सूचना मिलते ही जैतपुर वन परिक्षेत्र की टीम सक्रिय हो गई। वन परिक्षेत्राधिकारी (रेंजर) अमित सिंह चंदेल स्वयं बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचे और डॉक्टरों से घायल के इलाज व स्वास्थ्य की अद्यतन जानकारी ली।

रेंजर ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए आश्वस्त किया कि घायल को बेहतर से बेहतर उपचार दिलाया जाएगा और मध्य प्रदेश शासन के वन विभाग नियमानुसार देय अंतरिम राहत राशि व मुआवजा शीघ्र स्वीकृत कराया जाएगा।

Date & Time : 2026-10-22 07:32:49

Share:

Leave A Reviews

Related News