
शहडोल जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने बाप-बेटे की जिंदगी छीन ली। ग्राम जगमल स्थित शिव शक्ति आश्रम के पास रेत से लदे एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हृदयविदारक दुर्घटना में पिता और पुत्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके परिवार का एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल है, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
रॉन्ग साइड और तेज रफ्तार बनी काल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चौरी निवासी ईश्वर दीन खैरवार (62) अपने बेटे गंगा सिंह खैरवार (45) और भतीजे रामकुशल के साथ बाइक से बुढ़वा से ब्यौहारी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहे एक अनियंत्रित हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि ईश्वर दीन और गंगा सिंह के शरीर क्षत-विक्षत हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल रामकुशल को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां वे जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, अवैध रेत परिवहन पर उठाए सवाल हादसे के बाद इलाके में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई और स्थानीय ग्रामीणों का भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत का परिवहन फल-फूल रहा है। ओवरलोड और तेज रफ्तार हाइवा चालक सड़कों पर मौत बनकर दौड़ रहे हैं और प्रशासन इन पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल रहा है। लोगों का कहना है कि रेत माफियाओं के दबाव में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जिसका खामियाजा निर्दोष लोगों को अपनी जान देकर भुगतना पड़ रहा है।
पुलिस ने वाहन जब्त किया, जांच जारी घटना की सूचना मिलते ही देवलौंद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दुर्घटनाकारी हाइवा को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। हालांकि, पुलिस ने अभी अवैध रेत परिवहन के आरोपों पर कुछ भी कहने से इनकार किया है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दो दिन में दूसरी बड़ी दुर्घटना शहडोल के ब्यौहारी क्षेत्र में यह दो दिनों के भीतर दूसरी बड़ी घटना है। ज्ञात हो कि रविवार को भी एक बोरवेल वाहन की चपेट में आने से एक गर्भवती महिला और उसके 6 साल के मासूम बेटे की दर्दनाक मौत हो गई थी। लगातार हो रहे इन हादसों ने जिले की यातायात व्यवस्था और भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Leave A Reviews